PM SVANidhi Yojana: रेहड़ी पटरी वालों, ठेले वालों और छोटे विक्रेताओं (Street Vendors) को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके व्यवसाय को विस्तार देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की पीएम स्व:निधि योजना (PM SVANidhi) एक बेहद कारगर माइक्रो क्रेडिट पहल है.
इस योजना के तहत लाभार्थियों को अपना कारोबार चलाने या फिर से शुरू करने के लिए बिना किसी संपत्ति या संपत्ति की गारंटी (Collateral Free Loan) के कम ब्याज पर लोन मुहैया कराया जाता है.
चुकाने के बाद बढ़ती जाती है लोन की राशि
यह योजना तीन किस्तों में काम करती है. अगर आप अपने पिछले लोन का समय पर या समय से पहले भुगतान करते हैं, तो आपकी लोन लिमिट बढ़ा दी जाती है.
- पहली किश्त : व्यवसाय शुरू करने या वर्किंग कैपिटल के लिए शुरुआत में 10,000 का लोन दिया जाता है.
- दूसरी किस्त : पहला लोन समय पर चुकाने के बाद 20,000 रुपये का दूसरा लोन मिलता है.
- तीसरी किस्त : दूसरे लोन के सफल भुगतान के बाद बैंक से 50 हजार रुपये तक का बड़ा लोन प्राप्त किया जा सकता है.
योजना के मुख्य लाभ और विशेषताएं
- बिना गारंटी लोन: लोन पाने के लिए किसी भी प्रकार की संपत्ति, ज़मीन, सोना या गारंटर की ज़रूरत नहीं है.
- 7% ब्याज सब्सिडी : अगर आप अपनी मासिक किस्त समय पर जमा करते हैं, तो सरकार 7% की वार्षिक दर से ब्याज सब्सिडी सीधे आपके बैंक खाते में भेजती है.
- डिजिटल कैशबैक : QR Code या UPI के जरिए ग्राहकों से डिजिटल पेमेंट स्वीकार करने पर प्रतिवर्ष 1,200 रुपये यानी 100 रुपये प्रति माह तक का अतिरिक्त कैशबैक मिलता है.
- कोई प्रीपेमेंट पेनाल्टी नहीं : समय से पहले लोन का भुगतान करने पर बैंक आपसे कोई अतिरिक्त शुल्क या जुर्माना नहीं वसूलते हैं.
कौन कर सकता है आवेदन?
पीएम स्वःनिधि योजना के तहत लाभ लेने के लिए शहरी या अर्ध शहरी क्षेत्रों में सड़क किनारे दुकान लगाने वाला, फल सब्जी विक्रेता, चाय का ठेला लगाने वाला या फेरीवाला होना जरूरी है. वहीं, लोन आवेदन के लिए आवेदक के पास स्थानीय नगर निकाय (Urban Local Body ULB) की ओर से जारी वेंडिंग प्रमाण पत्र या पहचान पत्र होना अनिवार्य है.
लोन के लिए ज़रूरी कागजात
- वोटर आईडी कार्ड या अन्य सरकारी पहचान पत्र.
- ऐसा बैंक खाता पासबुक, जिसमें आधार लिंक हो.
- स्थानीय निकाय यानी ULB की ओर से जारी वेंडिंग सर्टिफिकेट या लेटर ऑफ रिकमेंडेशन
आवेदन करने की आसान प्रक्रिया
पीएम स्वनिधि की आधिकारिक वेबसाइट pmsvanidhi.mohua.gov.in पर विजिट करें.
आप अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या किसी भी राष्ट्रीयकृत बैंक शाखा में जाकर भी आवेदन फॉर्म भर सकते हैं.
अगर आपके पास वेंडिंग सर्टिफिकेट नहीं है, तो आप अपने स्थानीय नगर निगम या ब्लॉक कार्यालय से Letter of Recommendation बनवाकर भी आवेदन कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- Delhi Laxmi Yojana के लाभार्थियों का इंतजार खत्म, जानिए कब और कैसे मिलेगा पेंशन कार्ड
यह भी पढ़ें- गांव की महिलाओं को बिना गारंटी सरकार दे रही है 5 लाख तक का लोन और फ्री ट्रेनिंग, ऐसे करें आवेदन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं