UP News: उत्तर प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) की सरकार अब गंगा एक्सप्रेसवे (Ganga Expressway) के बाद तीन नए लिंक एक्सप्रेसवे बनाने की योजना पर तेजी से काम कर रही है. इन नए प्रोजेक्ट्स से राज्य के कई इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, साथ ही किसानों और आम लोगों को भी सीधा फायदा मिलने वाला है.
तीन नए लिंक एक्सप्रेसवे पर जोर
सरकार चित्रकूट, फर्रुखाबाद और जेवर को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए लिंक एक्सप्रेसवे बनाने की तैयारी कर रही है. इन सड़कों के बनने से छोटे शहरों और जिलों का सीधा जुड़ाव मुख्य एक्सप्रेसवे से होगा. इससे यात्रा आसान होगी और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा.
किसानों को मिलेगा उचित मुआवजामुख्यमंत्री ने स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन की बैठक में इन सभी परियोजनाओं की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन परियोजनाओं के लिए जमीन अधिग्रहण का काम तेजी से पूरा किया जाए. खास तौर पर 31 मई तक 90 प्रतिशत जमीन उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है. सरकार ने साफ कहा है कि किसानों से सीधे बात की जाए और उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए. जहां जरूरत होगी, वहां जमीन के दाम बढ़ाने का प्रस्ताव भी भेजा जाएगा. मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा 15 दिन बाद इसकी समीक्षा की जाएगी. साथ ही रजिस्ट्री का काम जल्दी हो, इसके लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की भी व्यवस्था की जाएगी.
चित्रकूट में डिफेंस प्रोजेक्ट भी आगेचित्रकूट में डिफेंस कॉरिडोर के तहत भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड की यूनिट का शिलान्यास भी जल्द होने वाला है. इसके अलावा आगरा-लखनऊ-पूर्वांचल लिंक, झांसी लिंक और मेरठ-हरिद्वार एक्सप्रेसवे पर भी काम तेज करने के निर्देश दिए गए हैं.
लखनऊ और ग्रेटर नोएडा में बड़े विकास कार्यराजधानी लखनऊ में एक बड़े कन्वेंशन सेंटर के निर्माण की तैयारी शुरू हो चुकी है. वहीं, ग्रेटर नोएडा में लॉजिस्टिक और ट्रांसपोर्ट हब बन रहे हैं, जो व्यापार और उद्योग के लिए बहुत फायदेमंद होंगे.
यानी इन एक्सप्रेसवे और अन्य परियोजनाओं का सीधा फायदा आम जनता को मिलेगा. किसानों को सही मुआवजा मिलेगा, युवाओं को रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लोगों का सफर आसान होगा. ये योजनाएं यूपी के विकास को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभा सकती हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं