Aadhaar Card Free Update: UIDAI ने 10 साल पुराने आधार कार्ड में ऑनलाइन डॉक्यूमेंट अपडेट (POI/POA) करने की निःशुल्क सुविधा 14 जून 2026 तक बढ़ा दी है. यह सुविधा सिर्फ myAadhaar पोर्टल पर मुफ्त है, जबकि आधार केंद्र पर 50 रुपये शुल्क लगेगा. निवासी पहचान और पते के प्रमाण जैसे- पैन, वोटर आईडी अपडेट कर सकते हैं. अगर, आपने पिछले 10 सालों में अपना आधार कार्ड अपडेट नहीं किया है, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है. UIDAI ने आधार कार्डधारकों को एक खास मौका दिया है, लेकिन इसकी अंतिम तारीख 14 जून तक है.
14 जून तक फ्री में करें आधार अपडेट
UIDAI ऑनलाइन आधार डॉक्यूमेंट अपडेट का काम 14 जून तक बिल्कुल मुफ्त कर रहा है. अगर, आप इस तारीख के बाद अपडेट करेंगे, तो आपको शुल्क देना पड़ेगा. 10 साल में आपका पता या अन्य जानकारी बदल सकती है. आधार में सही जानकारी होने से आपको ये फायदे कई मिलते हैं.
- सरकारी योजनाओं और सब्सिडी का लाभ बिना किसी रुकावट के मिलता रहेगा.
- बैंक में KYC (केवाईसी) कराने में कोई दिक्कत नहीं होगी.
- सिम कार्ड लेने या दूसरी पहचान सत्यापन सेवाओं में काम और भी आसान हो जाएगा.
मुफ्त आधार अपडेट करने की प्रक्रिया
- myAadhaar पोर्टल पर जाएं और आधार नंबर, ओटीपी के साथ लॉगिन करें.
- 'Document Update' विकल्प चुनें.
- दस्तावेजों (POI और POA) की स्कैन की गई प्रति (2MB से कम, JPEG/PNG/PDF फॉर्मेट) अपलोड करें.
- फॉर्म सबमिट करें और सर्विस रिक्वेस्ट नंबर (SRN) नोट कर लें.
वहीं, अगर, आपके 5 साल या उससे कम उम्र के बच्चे के स्कूल में दाखिले या किसी अन्य काम के लिए आधार कार्ड की जरूरत है, तो आप उसके लिए आसानी से आधार बनवा सकते हैं. बच्चों के लिए जारी किए जाने वाले आधार कार्ड को ‘बाल आधार' कहा जाता है. UIDAI ने 5 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए बाल आधार को जरूरी किया है. इसे बनवाने की प्रक्रिया बहुत आसान और सरल है. इसे आप घर बैठे भी बनवा सकते हैं. बाल आधार बनवाने के लिए ज्यादा कागजात नहीं लगते, जो एक अच्छी बात है. बच्चे की पहचान और उम्र के लिए जन्म प्रमाण पत्र या अस्पताल की डिस्चार्ज स्लिप जरूरी होती है. माता‑पिता में से किसी एक का आधार कार्ड अनिवार्य है, क्योंकि बच्चे का आधार उसी से लिंक किया जाता है. इसके अलावा पते का प्रमाण भी देना होता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं