तकरीबन दो दशकों तक टेनिस की दुनिया की शान रहीं सानिया मिर्ज़ा ज़बरदस्त फ़ाइटर हैं. लेकिन सानिया के संन्यास के बाद भारतीय टेनिस और ख़ासकर महिला टेनिस की बेंच तो बिल्कुल खाली दिखती है. भारतीय टेनिस फ़ैन्स के लिए कई बार ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट देखने की बड़ी वजह ख़त्म होती दिखती है. टेनिस सर्किट सूनापन टीस पैदा करता है. सुपर सानिया ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के नामचीन कोच मार्को सेरुका के साथ मिलकर अगले महीने 1 मई से हाई-परफॉर्मेंस टेनिस प्रोग्राम शुरू करने का एलान किया है.
भारत में बनेंगे वर्ल्ड लेवल के एलीट टेनिस खिलाड़ी!
सानिया और उनकी टीम भी भारत में वर्ल्ड लेवल के टेनिस खिलाड़ियों की कमी महसूस कर रही हैं. यही वजह है कि टेनिस के ग्लोबल स्टैंडर्ड के साथ हैदराबाद में बहुत सोच समझकर उम्दा एलीट खिलाड़ियों को तैयार करने की नींव तैयार करने के लिए ये पहल की गई है. सानिया और उनकी टीम इसके ज़रिये खिलाड़ियों की तकनीक, फिटनेस, खेल के प्रति अवेयरनेस या जागरूकता और मानसिक कंडीशनिंग को बेहतर करने पर फ़ोकस कर रही हैं. यानी 360-डिग्री एलीट टेनिस प्लेयर तैयार करने के हर बारीक़ पहलू को ध्यान में रखते हुए ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया गया है.
मुहिम में विदेशी टेनिस कोच के साथ
सानिया के इस प्लान और मुहिम में टेनिस की दुनिया के दिग्गज कोच मार्को सेरुका सक्रिय भूमिका अदा करने वाले हैं. सेरूका एक पूर्व पुर्तगाली डेविस कप खिलाड़ी हैं, जिनके पास 35 वर्षों से अधिक का कोचिंग अनुभव है. वह हेड कोच के रूप में शामिल हुए हैं. सेरुका कहते हैं, "भारत में असाधारण कच्ची प्रतिभाएं हैं. जो चीज़ नहीं है या गायब है वो है कि स्ट्रक्चर्ड, हाई-परफ़ोरमेंस का वातावरण जो इन टैलेंट को एक रास्ता या चैनल दे सके." सेरूका ज़ोर देकर कहते हैं, “सानिया मिर्जा टेनिस अकादमी इन टैलेंट को एक सटीक प्लेटफ़ॉर्म प्रदान कर सकेगा."
छह बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन और डबल्स में पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 सानिया मिर्ज़ा एक लॉन्ग टर्म प्लान के तहत भारतीय टेनिस को नये मुकाम पर पहुंचाने का ख़्वाब लेकर ये पहल कर रही हैं. सानिया कहती हैं, "मार्को सेरुका को हैदराबाद लाने से भारतीय खिलाड़ियों को कोचिंग के उस स्तर तक पहुंच मिल सकेगी जिसके वो हक़दार हैं."
सितारों के शहर हैदराबाद में टेनिस का महायज्ञ
यह कार्यक्रम सप्ताह में छह दिन चलेगा. इसमें हाई-इंटेनसिटी वाले ऑन-कॉर्ट सेशंस, प्रोफ़ेशनल फ़िटनेस रेजीम और प्रतिस्पर्धी मैच-प्ले के तालमेल के साथ आगे ले जाने की योजना है. हैदराबाद को भारत में पहले ही एक स्पोर्टिंग हब की ख्याति हासिल है. हैदराबाद से सानिया मिर्ज़ा के अलावा, डबल ओलिंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू, साइना नेहवाल, पी कश्यप, ज्वाला गुट्टा, गगन नारंग जैसे कई नामचीन खिलाड़ी दुनिया भर में अपनी धाक जमाते रहे हैं.
अकादमी क स्तर पर भी बैडमिंटन में पुलेला गोपीचंद और ज्वाला गुट्टा की अकादमी और शूटिंग में ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग 11 राज्यों और 15 अकादमियों में अपने एलीट "गन फॉर ग्लोरी" के ज़रिये से निशानेबाज़ी में शानदार काम कर रहे हैं. खुद सानिया भारत और हैदराबाद की बड़ी खेल आइकॉन हैं. इसलिए टेनिस की इस पहल पर दुनिया भर के टेनस दिग्गज़ों की नज़रें टिक गई हैं.
सभी उम्र के खिलाड़ियों के कैंप से शुरुआत
1 मई से शुरू होने वाली मुहिम से पहले सानिया मिर्ज़ा पुर्तगाली कोच सेरुका के साथ 10 अप्रैल से तीन दिवसीय टेनिस मिनी कैंप का आयोजन कर रही हैं. यह सभी आयु वर्गों के लिए खुला होगा. इसके ज़रिये कैंप ऑन-कॉर्ट सेशंस, खिलाड़ियों का मूल्यांकन और ख़ास तौर पर खिलाड़ियों के माता-पिता के लिए एक रोडमैप को भी सामने रखा जाएगा.
भारतीय टेनिस को अगली बड़ी छलांग लगानी है तो एक ठोस योजना के साथ निचले स्तर से लेकर एलीट लेवल तक एथलीटों के लिए ऐसे प्लान कारगर साबित हो सकते हैं. वरना टेनिस की दुनिया हर रोज़ दो कदम आगे बढ़ती है और भारतीय टेनिस अपने स्थान पर जूझता नज़र आता है.
ये भी पढ़ें- IPL 2026: कौन हैं मुकुल चौधरी? KKR के खिलाफ तूफानी पारी खेलकर पलट दी बाजी, क्रिकेट जगत हुआ हैरान
ये भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी vs सचिन तेंदुलकर: 15 साल के वैभव और तब के 16 साल के सचिन ..किसमें कितना है दम ! जानें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं