आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी OpenAI ने एक नए फीचर की घोषणा की है. इस फीचर का इंतजार ChatGPT यूजर्स को काफी समय से था. ये फीचर यूजर्स को ज्यादा प्राइवेसी और सुरक्षा देगा. कंपनी ने बताया कि अब यूजर्स अपनी प्राइवेट चैट को पूरी तरह से सेफ रखने के लिए ChatGPT चैट को लॉक कर सकते हैं. ये नया फीचर उन डेली की सिचुएशन को ध्यान में रखकर बनाया गया है, जब यूजर्स चैट को फैमली मेंबर या फ्रेंड से छिपाना चाहता है.
ये तब काफी काम आएगा जब आप किसी पर्सनल चैट या किसी के लिए सरप्राइज प्लान कर रहे हों, और अपना फोन या लैपटॉप दोस्तों या परिवार के मेंबर को देते हैं. ऐसे में ये चैट उनसे हाइड रहेंगी. यूजर्स इस लॉक को एक 4-डिजिट वाले पिन कोड या अपने डिवाइस के Face ID या Touch ID के जरिए बेहद आसानी से ओपन और बंद कर सकते हैं.
ChatGPT का नया लॉक फीचर
ChatGPT में जैसे ही आप अपनी किसी चैट को लॉक करेंगे, वह पूरी तरह से सुरक्षित हो जाएगी और स्क्रीन पर कुछ बदलाव दिखेंगे. लॉक होते ही वह बातचीत आपकी मेन चैट हिस्ट्री की साइड स्क्रीन से पूरी तरह गायब हो जाएगी. इसके साथ ही, वह बातचीत आपकी 'पिन्ड चैट' और मेन चैट सर्च रिजल्ट्स में भी दिखाई नहीं देगी. इसके बजाय, वह बातचीत पूरी तरह से सुरक्षित Locked Chats नाम के एक अलग फोल्डर में चली जाएगी.
आपको बता दें कि ये नया लॉक फीचर पहले से मौजूद टेम्परेरी चैट से है काफी अलग है. टेम्परेरी चैट की हिस्ट्री कभी सेव नहीं होता और सेशन खत्म होते ही वह हमेशा के लिए गायब हो जाता है. इससे अलग, Locked Chats में आपका पूरा डेटा सुरक्षित सेव रहेगा और आप जब चाहें फोल्डर को अनलॉक करके पुरानी बातचीत को दोबारा शुरू कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें | प्रोडक्टिविटी बढ़ाने के लिए ली AI की मदद, उल्टा महिला का बढ़ा दिया काम
प्राइवेट चैट के लिए मिलेगी एक अलग 'मेमोरी'
इस नए अपडेट की अच्छी बात है कि ये ChatGPT की मेमोरी फीचर को बेहद स्मार्ट तरीके से हैंडल करता है. यदि आपने अपने अकाउंट में मेमोरी फीचर ऑन कर रखा है, तो आपकी लॉक की गई चैट्स को एक बिल्कुल अलग और डेडिकेटेड मेमोरी स्पेस दिया जाएगा, जो केवल आपकी छिपी हुई बातचीत के बीच ही शेयर होगा. लॉक की गई चैट में की जाने वाली कोई भी नई बात केवल इसी प्राइवेट मेमोरी को अपडेट करेगी. जिससे सेंसेटिव जानकारियां गलती से भी आपकी रेगुलर चैट्स की बातचीत में लीक नहीं हो पाएंगी.
सुरक्षा और डेटा से जुड़े नियम
भले ही ये लॉक फीचर स्क्रीन पर प्राइवेसी की एक बहुत मजबूत लेयर जोड़ता है, लेकिन बैकग्राउंड में आपके डेटा को स्टोर करने के तरीके में कोई बदलाव नहीं होगा. कंपनी ने साफ किया है कि चैट लॉक करने का मतलब एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन या कोई अलग एन्क्रिप्टेड वॉल्ट नहीं है. ये कंपनी के डेटा रखने की टाइमलाइन या मॉडल ट्रेनिंग सेटिंग्स को भी प्रभावित नहीं करता है.
इस फीचर का सबसे जरूरी कंडीशन इसका 4-डिजिट पिन है. यदि आप अपना सेट किया गया पिन भूल जाते हैं और उसे रीसेट करते हैं, तो सुरक्षा कारणों से OpenAI आपकी लॉक की गई सभी चैट, छिपी हुई फाइलें और प्राइवेट मेमोरी को हमेशा के लिए डिलीट कर देगा. इस डिलीट किए गए डेटा को कंपनी का कस्टमर सपोर्ट भी किसी भी परिस्थिति में दोबारा वापस नहीं ला पाएगा.
ये यूजर्स कर सकते हैं इस्तेमाल
ये नया Locked Chats फीचर अभी वेब, मैक व विंडोज के डेस्कटॉप ऐप्स और iOS व Android के मोबाइल ऐप्स पर फेज्ड तरीके से जारी किया जा रहा है. अगर आप तक ये फीचर नहीं पहुंचा है तो इसमें थोड़ा समय लग सकता है. ये सुविधा कंपनी के ChatGPT Free, Go, Plus, Pro, Business, Enterprise, और Edu प्लान्स के यूजर्स के लिए उपलब्ध होगी. हालांकि, कंपनी ने साफ किया है कि ये नया फीचर केवल 'ChatGPT for Healthcare' प्लान के यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं होगा.
यह भी पढ़ें | पार्टी लवर्स की मौज! Blaupunkt का 'Rock & Roll' स्पीकर लॉन्च, बेस जबरदस्त, जानें कीमत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं