OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि कंपनी 2026 में IPO लाने की योजना नहीं बना रही है. इसकी सबसे बड़ी वजह AI की सुरक्षा को लेकर चिंता बताई गई है. उनके मुताबिक, अगर AI की वजह से दशक के अंत तक इंसानों के खत्म होने का 10 फीसदी भी खतरा है, तो हम इस जोखिम को स्वीकार नहीं कर सकते.
उन्होंने जोर देकर कहा कि 10 फीसदी जैसा आंकड़ा सही है या नहीं, यह हमें नहीं पता, लेकिन खतरा गंभीर जरूर है और AI कंपनियों और सरकारों को इसे बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करना चाहिए. उनके मुताबिक, चाहे खतरा 10 फीसदी हो, 8 फीसदी हो या 6 फीसदी, कंपनियों और सरकारों की बड़ी जिम्मेदारी है. कमाई या मुनाफा किसी भी तरह से सुरक्षा के रास्ते में नहीं आना चाहिए.
जानकारी के लिए बता दें कि ऑल्टमैन ने बिजनेस मैगजीन फॉर्चून को इंटरव्यू दिया था. इसी इंटरव्यू में उन्होंने AI की सुरक्षा को लेकर IPO टालने की बात कही है. इससे पहले जून में न्यूयॉर्क टाइम्स में भी खबर प्रकाशित हुई थी, जिसमें कहा गया था कि OpenAI 2027 तक अपना IPO टालने पर विचार कर सकती है. इस IPO का मूल्यांकन करीब 1 ट्रिलियन डॉलर बताया जा रहा है.
AI को लेकर चिंता इसलिए भी बढ़ रही है क्योंकि कुछ मामलों में देखा गया है कि AI एजेंट अपने काम से आगे जाकर बाहरी सिस्टम को हैक करने जैसी गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं. इस समय अमेरिका में डेमोक्रेट और रिपब्लिकन, दोनों ही पार्टियां AI को लेकर सख्त नियम बनाने की बात कर रही हैं.
इसी बीच Anthropic के CEO डारियो अमोडेई ने भी AI कंपनियों से विकास की रफ्तार को थोड़ा धीमा करने और सोच-समझकर रणनीति बनाने की अपील की है.
ऑल्टमैन ने यह भी कहा है कि भविष्य में OpenAI और दूसरी बड़ी AI कंपनियों के बीच जल्द ही एक समझौता हो सकता है. इस समझौते के तहत AI के विकास की रफ्तार को नियंत्रित करने के साथ-साथ सुरक्षा से जुड़े खतरों से मिलकर निपटने पर काम किया जा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं