Meta अब अपने कर्मचारियों के कंप्यूटर इस्तेमाल करने के तरीके को रिकॉर्ड करने जा रहा है. रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी एक नया सॉफ्टवेयर इंस्टॉल कर रही है, जो माउस मूवमेंट, क्लिक और कीबोर्ड के कीस्ट्रोक्स को ट्रैक करेगा. इसका मकसद इन डेटा को इस्तेमाल करके AI मॉडल्स को और बेहतर बनाना है, ताकि वे इंसानों की तरह कंप्यूटर पर काम करना सीख सकें. कंपनी का कहना है कि इससे ऐसे AI एजेंट्स तैयार किए जा सकेंगे, जो भविष्य में कई काम अपने आप कर सकें.

Model Capability Initiative क्या है?
Meta इस नए टूल को Model Capability Initiative (MCI) नाम दे रहा है. Meta के प्रवक्ता Andy Stone ने कहा कि MCI से जुटाया गया डेटा सिर्फ AI ट्रेनिंग के लिए इस्तेमाल होगा, न कि कर्मचारियों की परफॉर्मेंस जांचने के लिए. यह सॉफ्टवेयर कर्मचारियों के वर्क ऐप्स और वेबसाइट्स पर काम करते समय डेटा रिकॉर्ड करेगा और कभी-कभी स्क्रीन के स्क्रीनशॉट भी लेगा. इसका उद्देश्य यह समझना है कि इंसान कंप्यूटर पर कैसे काम करते हैं, जैसे ड्रॉपडाउन मेन्यू चुनना या कीबोर्ड शॉर्टकट इस्तेमाल करना. कंपनी का मानना है कि इस तरह के असली डेटा से AI मॉडल्स को ट्रेन करना ज्यादा असरदार होगा और वे ज्यादा स्मार्ट बनेंगे.
Meta का फोकस AI एजेंट्स
Meta का फोकस अब AI एजेंट्स पर है, जो खुद से काम कर सकें. कंपनी के CTO Andrew Bosworth के अनुसार भविष्य में ऐसा सिस्टम होगा, जहां AI एजेंट्स ज्यादातर काम करेंगे और इंसान सिर्फ उन्हें गाइड और मॉनिटर करेंगे. उन्होंने कहा कि कंपनी ऐसे सिस्टम की ओर बढ़ रही है, जहां AI खुद समझ सके कि कहां सुधार की जरूरत है और अगली बार बेहतर काम करे.
Tim Cook ने CEO पद छोड़ने के 3 बड़े कारण बताए, जानिए अब Apple में क्या करेंगे टिम
कंपनी का दावा है कि संवेदनशील जानकारी को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय भी किए गए हैं. हालांकि यह साफ नहीं किया गया है कि कौन-कौन सा डेटा रिकॉर्ड नहीं किया जाएगा.
नौकरियों पर असर
AI के बढ़ते इस्तेमाल का असर नौकरियों पर भी दिखने लगा है. Meta ने इस साल 10% कर्मचारियों को निकालने की योजना बनाई है और आगे भी छंटनी हो सकती है. इसी तरह Amazon और Block जैसी कंपनियों ने भी अपने कर्मचारियों की संख्या कम की है. Meta अब 'AI builder' जैसे नए रोल बना रहा है और कर्मचारियों को AI से जुड़े कामों की ओर शिफ्ट कर रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं