विज्ञापन
This Article is From Apr 26, 2012

इंडिया ओपन बैडमिंटन में नेहा का सफर समाप्त, युगल में भी हारे भारतीय

इंडिया ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट के तीसरे दिन गुरुवार को भारतीय खिलाड़ियों ने हार के साथ शुरुआत की।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली: इंडिया ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट के तीसरे दिन गुरुवार को भारतीय खिलाड़ियों ने हार के साथ शुरुआत की। एकल में जहां नेहा पंडित को हार मिली वहीं मिश्रित युगल और पुरुषों के युगल वर्ग में भी भारत को निराशा हाथ लगी।

क्वालीफाईंग के जरिए मुख्य ड्रॉ में जगह बनाने वाली नेहा को दूसरे दौर में सिंगापुर की खिलाड़ी जुआन गू ने 21-13, 21-10 से हराया। यह मुकाबला 25 मिनट तक चला। 17वीं वरीयता प्राप्त गू के खिलाफ 128वीं वरीयता प्राप्त नेहा की एक न चली। नेहा ने मलेशियाई खिलाड़ी जिंग यी ती को  हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई थी।

मिश्रित युगल में तरुण कोना और अश्विनी पोनप्पा को जापान के सोजी सातो और सिजोका मैतसुओ ने 21-12, 21-14 से पराजित किया। भारती जोड़ी मात्र 27 मिनट तक जापानी जोड़ीदारों को चुनौती दे सकी।

मनीष गुप्ता और गौरव वेंकट की पुरुष युगल जोड़ी को भी दूसरे दौर में हार मिली। मनीष और गौरव को कोरिया के सुंग ह्यून कू और इयोन सियोंग यू की दूसरी वरीय जोड़ी ने 21-10, 21-9 से हराया। यह मैच महज 19 मिनट चला।

पुरुष एकल वर्ग में पुरुपल्ली कश्यप और अजय जयराम आज ही अपनी चुनौती पेश करेंगे जबकि महिला एकल वर्ग में देश की सर्वोच्च वरीय महिला खिलाड़ी सायना नेहवाल के अलावा युवा स्टार पीवी सिंधु तीसरे दौर में पहुंचने के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगी।

इसके अलावा पुरुषों के युगल वर्ग में रुपेश कुमार और सानावे थॉमस, मिश्रित युगल वर्ग में गौरव वेंकट और जूही देवांगन और महिला युगल में ज्वाला गुट्टा और पोनप्पा दावेदारी पेश करती नजर आएंगी।

सायना बुधवार को आसान जीत के साथ दूसरे दौर में पहुंची हैं। सायना ने हांगकांग की पुई यिन यिप को 21-14, 21-6 से पराजित किया था। अब उनका सामना कोरिया की युओन जू बेई से होगा।

विश्व की पांचवीं वरीय खिलाड़ी सायना और 12वीं वरीय जू के बीच अब तक पांच बार भिड़ंत हुई है, जिसमें से चार बार सायना की जीत हुई है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
इंडिया ओपन बैडमिंटन, नेहा पंडित, Neha Pandit
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com