विज्ञापन
This Article is From Apr 09, 2017

डेविस कप: महेश भूपति बोले, लिएंडर पेस की नाराजगी बेवजह और गैर पेशेवर

डेविस कप: महेश भूपति बोले, लिएंडर पेस की नाराजगी बेवजह और गैर पेशेवर
महेश भूपति ने टीम चयन पर पेस की नाराजगी को गैरजरूरी बताया है (फाइल फोटो)
बेंगलुरू: डेविस कप में भारत के गैर खिलाड़ी कप्‍तान महेश भूपति ने डबल्‍स टीम में जगह नहीं दिए जाने पर स्‍टार टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस की नाराजगी को बेवजह बताया है. भूपति ने रविवार को कहा कि डेविस कप टीम में जगह नहीं मिलने के कारण पेस के पास ‘नाराज होने’ का कोई कारण नहीं है क्योंकि उसे (पेस को)पहले ही बता दिया गया था कि अंतिम चार में उसका स्थान तय नहीं है.

गौरतलब है कि उज्बेकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के लिए भूपति ने रोहन बोपन्ना को चुना. इस फैसले के बाद लिएंडर पेस ने खुलकर अपनी नाराजगी जताई थी. हालांकि महेश भूपति ने भारतीय टीम को 4-1 से मिली जीत के बाद अपने फैसले का बचाव किया. उन्‍होंने कहा, ‘उसने देश के लिए जो हासिल किया उसके कारण वह सम्मान का हकदार है. उसे छह खिलाड़ियों में विकल्प मिलना चाहिए. हमने उसे यह दिया और उसने स्वीकार किया, लेकिन चार खिलाड़ियों का हिस्सा नहीं होने के कारण पेस का नाराज होना थोड़ा गैरपेशेवर है.’गौरतलब है कि इस मुकाबले से पहले पेस ने मैक्सिको में चैलेंजर प्रतियोगिता जीती थी. इससे साबित होता है वे अच्‍छे फॉर्म में थे. हालंकि लिएंडर बुधवार को टीम से जुड़े थे जबकि बाकी खिलाड़ी रविवार को अभ्‍यास के लिए एकत्रित हुए थे.

पेस टीम से बाहर किए जाने से नाखुश थे. उन्होंने चयन पात्रता पर भी सवाल उठाए और मुकाबले के बीच में मुंबई चले गए. इस फैसले को भूपति ने स्तब्ध करने वाला करार दिया. भूपति ने कहा, ‘मैंने लिएंडर को फिटनेस टेस्ट देने को कहा था. मुझे गर्व है कि उसने चैलेंजर टूर्नामेंट जीता लेकिन साथ ही रोहन शीर्ष स्तर पर खेल रहा है, वह नोवाक (जोकोविच) के खिलाफ खेला. इसलिए मेरी पात्रता एक या दो चीज नहीं बल्कि पांच चीजें थी और इसमें फिटनेस भी शामिल है.’ उन्होंने कहा, ‘छह लोगों से टीम बनती है। यह (पेस का बीच में चला जाना) इस हफ्ते हुई कई स्तब्ध करने वाली चीजों में से एक है.’भूपति ने कहा कि अगर सिर्फ एक युगल खिलाड़ी के लिए जगह है तो रोहन बोपन्ना बेहतर विकल्प हैं. उन्होंने कहा, ‘जैसा कि मैंने गुरुवार को प्रेस काफ्रेंस में कहा, मेरा मानना है कि हमें डेविस कप टीम में युगल विशेषज्ञ की जरूरत नहीं है. आज की स्थिति में रोहन बोपन्ना काफी बड़े अंतर से भारत का नंबर एक युगल खिलाड़ी है.’ (भाषा से इनपुट)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mahesh Bhupathi, Leander Paes, Rohan Bopanna, Davis Cup
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com