विज्ञापन
This Article is From Apr 10, 2016

आयरलैंड से हारकर हॉकेज बे कप में छठे स्थान पर रही भारतीय महिला हॉकी टीम

आयरलैंड से हारकर हॉकेज बे कप में छठे स्थान पर रही भारतीय महिला हॉकी टीम
सांकेतिक तस्वीर
हेस्टिंग्स (न्यूजीलैंड): भारतीय महिला हॉकी टीम रविवार को हेस्टिंग्स में हॉकेज बे कप में आयरलैंड से पेनल्टी शूटआउट में 3-4 से हारकर टूर्नामेंट में छठे स्थान पर रही। दोनों टीमें निर्धारित समय तक 2-2 से बराबरी पर थी।

आयरलैंड ने आक्रामक शुरुआत की और पहले क्वार्टर में ही दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिए, जिन्हें भारतीय डिफेंस ने रोक दिया। भारत को एक पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन वे इसको गोल में तब्दील करने में असफल रहे, जिससे पहला क्वार्टर गोल रहित समाप्त हुआ।

आयरलैंड ने दूसरे क्वार्टर के चौथे मिनट में डेरड्रे डुके की बदौलत बढ़त हासिल की। नमिता टोप्पो के 25वें मिनट में किए गए गोल से भारत ने स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

तेजी से खेलते हुए दोनों टीमों ने बढ़त हासिल करने के लिए कई मौके बनाए। लेकिन भारतीय टीम को रानी के टखना मुड़ने से काफी निराशा हुई, फिजियो उन्हें देखने मैदान के अंदर गए। लेकिन रानी को बाहर लाना पड़ा। टीमें हाफ टाइम तक 1-1 से बराबरी पर थीं।

आयरलैंड ने बचे हुए दो क्वार्टर में कई पेनल्टी कार्नर हासिल लिए, लेकिन इनका फायदा नहीं उठा सकी। भारतीय गोलकीपर सविता ने उनके किसी भी ड्रैग फ्लिकर को गोल नहीं करने दिया। जिससे मुकाबला शूटआउट तक पहुंचा। दोनों टीमों ने शूटआउट में बढ़िया शुरुआत की। तीसरे शूटर पर आयरलैंड की अन्ना ओ फ्लानागान चूक गई और स्कोर 2-2 था।

पूनम रानी भी टीम का अगला शॉट चूक गई, जिससे भारत ने बढ़त बनाने का मौका गंवा दिया। भारत बाद में एक और शॉट से चूक गया और शूट आउट का परिणाम आयरलैंड के हक में रहा।

मैच के बाद मुख्य कोच नील हागवुड ने कहा, 'हमने आज सुधरा हुआ प्रदर्शन किया। हम जिस टीम से टूर्नामेंट के शुरू में काफी बुरी तरह से हारे थे, हमने उसे बराबरी पर रखा और रोके रखा। अब हम इस अनुभव का इस्तेमाल रियो की तैयारियों के लिए करेंगे।'

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
भारतीय महिला हॉकी टीम, हॉकेज बे कप, आयरलैंड, पेनल्टी शूटआउट, India Women Hockey Team, Penalty Shootout, Hawke's Bay Cup, Hockey
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com