- शारजाह से चेन्नई आ रही फ्लाइट में एक यात्री ने टैक्सी ट्रैक पर इमरजेंसी एग्जिट डोर खोलकर बाहर निकल गया
- यात्री को फ्लाइट के दौरान उल्टी की समस्या थी और उसने दो बार उल्टी भी की थी जिससे वह बेचैन था
- घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत उस यात्री को हिरासत में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी
चेन्नई एयरपोर्ट पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शारजाह से चेन्नई आ रही एयर अरेबिया की फ्लाइट में एक यात्री ने टैक्सी ट्रैक पर रनवे की ओर बढ़ते विमान का इमरजेंसी एग्जिट डोर खोल दिया और बाहर निकल गया. जानकारी के मुताबिक घटना उस समय हुई, जब विमान लैंडिंग के बाद टैक्सी ट्रैक पर आगे बढ़ रहा था.
एयरपोर्ट अधिकारियों ने क्या बताया
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित यात्री को फ्लाइट के भीतर उल्टी जैसी परेशानी हो रही थी और उसने यात्रा के दौरान दो बार उल्टी भी की थी. इसी दौरान उसने अचानक इमरजेंसी एग्जिट डोर खोलकर विमान से बाहर निकलने की कोशिश की. हालांकि इस घटना में किसी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा और न ही विमान को कोई क्षति हुई.
हिरासत में लिया गया यात्री
घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों ने यात्री को हिरासत में ले लिया. बताया गया है कि आरोपी यात्री शारजाह‑चेन्नई एयर अरेबिया फ्लाइट से यात्रा कर रहा था और फिलहाल मामले की जांच की जा रही है. एयरपोर्ट अथॉरिटी और संबंधित एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यात्री ने ऐसा कदम क्यों उठाया. इस घटना के चलते चेन्नई एयरपोर्ट का मुख्य रनवे करीब एक घंटे तक बंद रहा. इसके बाद विमानों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक रनवे का इस्तेमाल किया गया. एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन बाद में सामान्य कर दिया गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं