तमिलनाडु के तिरुची से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां कुछ अज्ञात लोगों ने अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके के दफ्तर में आग लगा दी है. घटना तमिलनाडु के तिरुची की है. इस मामले में पुलिस फिहला जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि शुक्रवार (1 मई, 2026) की सुबह-सवेरे, तिरुचि के पास पेट्टवैथलाई में कुछ अज्ञात लोगों ने तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के एक अस्थायी दफ़्तर में आग लगा दी.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह दफ़्तर मेन रोड पर एक घर के प्रवेश द्वार पर बनाए गए 20x20 फ़ीट के फूस के पंडाल से चल रहा था. यह दफ़्तर पेट्टवैथलाई के रहने वाले 48 वर्षीय वीरासिवा का था, जो वीरमलाई के बेटे हैं. वह पार्टी की तिरुचि ज़िला किसान शाखा के सचिव हैं.
तमिल फिल्मों के सुपरस्टार विजय ने 2024 में अपनी राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान किया था. उन्होंने अपनी नई पार्टी का नाम तमिझा वेत्री कड़गम (टीवीके) रखा है. वो 2024 से ही 2026 में तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनाव में मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे थे. पार्टी का गठन करने के बाद विजय ने कहा था कि उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेगी.
साथ ही उन्होंने कहा था टीवीके किसी दूसरे दल का समर्थन नहीं करेगी. समाचार एजेंसी पीटीआई से विजय ने कहा था कि मैंने पार्टी के काम को प्रभावित किए बिना उस फिल्म को पूरा करने का फैसला किया है जिसके लिए मैं पहले ही प्रतिबद्ध हूं और खुद को पूरी तरह से सार्वजनिक सेवा की राजनीति में शामिल करूंगा. मैं इसे तमिलनाडु के लोगों के प्रति अपना आभार मानता हूं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं