विज्ञापन
This Article is From Jun 20, 2025

चिन्नास्वामी भगदड़ पर फिर उठे बड़े सवाल, डिप्टी CM डीके शिवकुमार क्यों सवालों के घेरे में

टी जे अब्राहम के मुताबिक जब विधानसौध में कार्यक्रम चल रहा था, 3 लोगों की मौत हो चुकी थी और जब डीके शिवकुमार शाम 5 बजे स्टेडियम पहुंचे, तब तक 7 मौतें हो चुकी थीं. फिर भी कार्यक्रम चलता रहा!"

चिन्नास्वामी भगदड़ पर फिर उठे बड़े सवाल, डिप्टी CM डीके शिवकुमार क्यों सवालों के घेरे में
बेंगलुरु:

एक तारीख जिसे क्रिकेट प्रेमी कभी नहीं भूल पाएंगे. बेंगलुरु के प्रतिष्ठित चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुआ वो भीषण हादसा – जिसमें 11 लोगों की जान चली गई और 50 से अधिक घायल हो गए और अब इस त्रासदी की गूंज कर्नाटक की सत्ता के गलियारों तक पहुंच चुकी है. जाने माने RTI कार्यकर्ता टी. जे. अब्राहम ने इस भगदड़ को सिर्फ एक ‘दुर्घटना' नहीं, बल्कि एक सोची-समझी लापरवाही और सियासी स्टंट का नतीजा बताया है. उन्होंने बेंगलुरु के कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है – जिसमें सीधे तौर पर उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को मुख्य आरोपी बनाया गया है.

क्या था मामला?

अब्राहम का आरोप है कि उनके सूत्रों के मुताबिक, डी.के. शिवकुमार ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को खरीदने के लिए" ₹8600 करोड़ की पेशकश की थी, जबकि RCB मालिक ₹17000 करोड़ मांग रहे थे." हालांकि शिवकुमार ने पहले RCB खरीदने की खबरों को मजाक में उड़ाते हुए कहा था, "मैं RCB क्यों खरीदूंगा? मैं तो रॉयल चैलेंज भी नहीं पीता!" लेकिन अब्राहम का दावा है कि "विक्ट्री परेड को जानबूझकर रोका गया ताकि क्रिकेटर्स को देखने के लिए फैंस स्टेडियम के बाहर जुटें, और डीके शिवकुमार स्टेडियम पहुंच कर इसका सारा क्रेडिट ले सकें."

सिर्फ 3 गेट खुले थे – क्यों?

शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब पुलिस अधिकारियों ने DCP को बताया कि 22 में से सिर्फ 3 गेट ही खुले हैं, तो जवाब मिला: "डीके शिवकुमार चाहते हैं कि जब वो विधानसभा से स्टेडियम पहुंचे, तब भारी भीड़ बाहर होनी चाहिए."

सबसे बड़ा सवाल – कौन जिम्मेदार है इन मौतों का?

टी जे अब्राहम के मुताबिक जब विधानसौध में कार्यक्रम चल रहा था, 3 लोगों की मौत हो चुकी थी और जब डीके शिवकुमार शाम 5 बजे स्टेडियम पहुंचे, तब तक 7 मौतें हो चुकी थीं. फिर भी कार्यक्रम चलता रहा!"

अब्राहम ने यह भी कहा कि जब 11वीं मौत 5:15 पर हुई, तब मुख्यमंत्री को 5:45 पर इसकी जानकारी मिली. क्या ये सामान्य बात है? या फिर एक लापरवाही?"

कौन-कौन हैं आरोपों के घेरे में?

टी. जे. अब्राहम ने कुल 15 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है.

मुख्य आरोपी: डिप्टी सीएम डी.के. शिवकुमार

आरोपी No 2: मुख्य सचिव शालिनी रजनीश

आरोपी No 3: DPR सचिव सत्यवती

अन्य नामों में शामिल हैं: RCB, KSCA, इवेंट कंपनी DNA और अन्य पुलिस कमिश्नर बी दयानन्द और दूसरे पुलिस अधिकारी 

सरकार की कार्रवाई – जांच बैठी, लेकिन क्या जवाब मिलेगा?

सिद्धारमैया सरकार ने इस हादसे के बाद तीन जांच कमेटियां गठित की हैं. SIT तीन FIR के आधार पर जांच कर रही है. हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज कुन्हा की अगुआई वाली कमेटी और बेंगलुरु के जिला मजिस्ट्रेट की तरफ से मामले की जांच की जा रही है.

DNA इवेंट कंपनी के 3 अधिकारियों और RCB के मार्केटिंग हेड निखिल सोसाले को जमानत मिल चुकी है. वहीं KSCA अधिकारियों की गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है. टी. जे. अब्राहम चाहते  है कि  – निष्पक्ष जांच हो, ताकि दोषियों को सज़ा मिले और न्याय हो उन 11 मासूमों को, जो सिर्फ अपने चहेते खिलाड़ियों की एक झलक देखने आए थे.

लेखक के बारे में
img
नेहाल किदवई
Deputy Editor, NDTV India (South)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bengaluru Stampede Case, Dk Shivkumar, RCB Victory Celebrations Stampede
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com