'हमारे पास घर है, जमीन है, खेती है, लेकिन शादी के लिए लड़की नहीं मिल रही...' कर्नाटक में जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान एक किसान ने मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के सामने ऐसी फरियाद रखी कि वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए.
किसान ने कहा कि 35-40 साल के कई किसान शादी न होने की वजह से परेशान हैं और कुछ तो आत्महत्या तक करने का सोच रहे हैं. उसने सीएम डीके शिवकुमार से मदद की अपील करते हुए कहा कि किसानों के लिए दुल्हन ढूंढ़ने को लेकर सरकार को कुछ करना चाहिए.
CM के सामने रखी अनोखी मांग
कर्नाटक के पिरियापटना में आयोजित एक सार्वजनिक शिकायत निवारण कार्यक्रम के दौरान एक किसान ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्या रखी. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उससे पूछा, "आप क्या चाहते हैं?"
इस पर किसान ने जवाब दिया, "हमें शादी के लिए लड़कियां चाहिए. मैं डीके शिवकुमार से अनुरोध करता हूं कि हमारी मदद करें."
'घर और जमीन होने के बावजूद नहीं मिल रही दुल्हन'
अपनी समस्या बताते हुए किसान ने कहा कि उनके पास खुद का घर है, खेती की जमीन है और वे आर्थिक रूप से भी पूरी तरह असहाय नहीं हैं. इसके बावजूद उन्हें रिश्ते नहीं मिल रहे. किसान ने कहा, "हम इतना पैसा खर्च कर रहे हैं, हमारे पास अपनी जमीन और घर है, फिर भी कोई लड़की देने को तैयार नहीं है. यह लाखों लोगों की जिंदगी का सवाल है."
उसने आगे कहा कि किसानों को समाज में अनाज पैदा करने वाला माना जाता है, लेकिन जब शादी की बात आती है तो लोग अपनी बेटियों की शादी किसानों से करने से बचते हैं. किसान के मुताबिक, "जो किसान पूरे समाज के लिए अन्न पैदा करता है, उसे ही कोई अपनी बेटी देने के लिए तैयार नहीं है."
यह भी पढ़ें: भारत में जन्मी मादा चीता ने 5 शावकों को दिया जन्म, अब देश में चीतों की आबादी 60 हुई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं