विज्ञापन

राजस्थान की बेटी ने फतह की यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस, इस ओलंपिक खिलाड़ी को मानती हैं आइडल

मूल रूप से सीकर की रहने वाली पूनम कंवर अभी जयपुर में RPSF में तैनात हैं. उनके पिता एक रिटायर्ड फौजी हैं. पूनम का सपना दुनिया की सबसे ऊंची चोटी फतह करने का है.

राजस्थान की बेटी ने फतह की यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस, इस ओलंपिक खिलाड़ी को मानती हैं आइडल
राजस्थान में सीकर की पूनम कंवर ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस फतह की है.
NDTV

राजस्थान में सीकर जिले के झाड़ली गांव की बेटी और RPF में तैनात पर्वतारोही पूनम कंवर ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस को फतह कर सीकर और राजस्थान का नाम रोशन किया है. पूनम कंवर ने 21 अगस्त को भारतीय समयानुसार सुबह 11:45 बजे 18,510 फीट ऊंची माउंट एल्ब्रुस की सफल चढ़ाई पूरी की. चोटी पर पहुंचकर उन्होंने भारतीय तिरंगा और RPF का विभागीय ध्वज फहराया. वह 10 अगस्त को नई दिल्ली स्थित RPF मुख्यालय से माउंट एल्ब्रुस अभियान के लिए रवाना हुई थीं. महज 11 दिन बाद उन्होंने जिस लक्ष्य के लिए अभियान शुरू किया था, उसे हासिल कर लिया.

3 महाद्वीप की चोटियां फतह

रूस की काकेशस पर्वत श्रृंखला में जॉर्जिया सीमा के निकट स्थित माउंट एल्ब्रुस दुनिया के Seven Summits में शामिल है. माउंट एल्ब्रुस की चढ़ाई के साथ ही पूनम कंवर ने दुनिया के सात महाद्वीपों में से तीन महाद्वीपों की सर्वोच्च चोटियों को फतह कर लिया है. इससे पहले वर्ष 2024 में उन्होंने अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलीमंजारो (19,341 फीट) पर तिरंगा फहराया था.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: NDTV

इसके बाद वर्ष 2025 में ऑस्ट्रेलिया की सर्वोच्च चोटी माउंट कोजियोस्को (7,310 फीट) को फतह किया. अब वर्ष 2026 में यूरोप की सर्वोच्च चोटी माउंट एल्ब्रुस को फतह कर उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और बड़ी कामयाबी जोड़ दी है.

पूनम कंवर का लक्ष्य दुनिया के सातों महाद्वीपों की सर्वोच्च चोटियों को फतह करना है. उनका सबसे बड़ा सपना दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराना है.

पूनम के पिता रतन सिंह रिटायर्ड फौजी

पूनम कंवर के पिता रतन सिंह शेखावत सेवानिवृत्त फौजी हैं. पिता के अनुसार पूनम को बचपन से ही खेलकूद और NCC गतिविधियों में विशेष रुचि थी. वर्ष 2014 में वह रेलवे सुरक्षा विशेष बल में भर्ती हुईं. नौकरी के साथ-साथ उन्होंने खेल और पर्वतारोहण की ट्रेनिंग जारी रखी. 

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: NDTV

पूनम ने कमांडो ट्रेनिंग के साथ तीरंदाजी और घुड़सवारी का प्रशिक्षण भी लिया है. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की कई पर्वत चोटियों पर चढ़ाई कर वह पर्वतारोहण से जुड़े प्रमाण-पत्र भी हासिल कर चुकी हैं. पूनम कंवर अभी 16वीं वाहिनी RPSF, जयपुर में तैनात हैं. पूनम कंवर ओलंपिक खिलाड़ी और विधायक कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को अपना आइडल मानती हैं.

यह भी पढे़ं-

तबेले में चल रहे जयपुर के जिस स्कूल को लेकर हुआ बवाल, अब उसे दूसरी जगह किया शिफ्ट

राजस्थान: 19 निकायों में चुनाव की तारीख बदली, राज्य निर्वाचन आयोग ने जारी किया आदेश

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sikar News, Rajasthan News, Mount Everest, Mount Elbrus, Mount Elbrus News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com