राजस्थान में पेपर लीक और भर्ती परीक्षा में एसओजी की टीम लगातार एक्शन ले रही है. आए दिन पेपर लीक के आरोपी गिरफ्तार हो रहे हैं. इसके बाद भी भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा करने वाले बाज नहीं आ रहे हैं. अब सब इंस्पेक्टर भर्ती के फिजिकल टेस्ट (Rajasthan SI Physical Test) में फर्जीवाड़ा करने का मामला सामने आया है. अजमेर में एक महिला अभ्यर्थी की बहन SI भर्ती का फिजिकल देने के लिए पहुंची. जब सेंटर पर मौजूद लोगों को उस पर शक हुआ तो उसके डाक्यूमेंट्स की जांच की गई, जिसके बाद वह पकड़ ली गई है.
मास्क लगाकर पहुंची सेंटर
जानकारी के मुताबिक, एसआई भर्ती के फिजिकल टेस्ट में मुन्नी नाम की अभ्यर्थी की जगह उसकी बहन फर्जी कैंडिडेट बनकर परीक्षा देने पहुंची. 4 अगस्त को फिजिकल टेस्ट के दौरान महिला ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था. मास्क हटाने के लिए कहने पर उसने बीमारी का हवाला दिया और अगली तारीख देने की मांग की.
मामला संदिग्ध लगने पर समिति ने जांच की तो खुलासा हुआ कि अभ्यर्थी मुन्नी की जगह उसकी बहन फिजिकल टेस्ट देने पहुंची थी. मामले की जानकारी सामने आने के बाद प्रशासन की ओर से अजमेर के अलवर गेट थाने में शिकायत दर्ज कराई गई.
इसी दौरान यह फर्जीवाड़ा सामने आया. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बहन की जगह फिजिकल टेस्ट देने की योजना किस तरह बनाई गई और इसमें अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं. स्क्रीनशॉट में फर्जी कैंडिडेट के रूप में पहुंची महिला का नाम उपलब्ध नहीं है.
बीकानेर से भी सामने आया था फर्जीवाड़ा
बता दें कि बीकानेर जिले से SI भर्ती 2025 के फिजिकल में फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ था. जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी फर्जी एडमिट कार्ड बनवाकर एसआई भर्ती/प्लाटून कमांडर भर्ती का फिजिकल देने के लिए पहुंचा था. विचाराधीन कैदी ने बाकायदा विशेष अदालत में एसआई भर्ती परीक्षा के फिजिकल टेस्ट में शामिल होने के लिए आवेदन दिया था.
इस पर कोर्ट ने कहा कि पुलिस अभिरक्षा में परीक्षा में उपस्थित होने के लिए भेजा जाए. जिसके बाद जब वह सेंटर पर पहुंचा और दस्तावेजों की जांच की गई तो पता चला कि उसने फर्जी एडमिट कार्ड बनवाया हुआ था. उस रोल नंबर से किसी और डिटेल आ रही थी.
यह भी पढे़ं-
जेल में खतरनाक प्लानिंग, SI भर्ती 2025 का फिजिकल टेस्ट, फर्जी एडमिट कार्ड से खुली पोल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं