प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की नसीहत के बाद भी नगर निगम और पंचायत चुनावों की तैयारियों को लेकर जयपुर में आयोजित जिला कांग्रेस के कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में नेताओं के नाम के नारे लगे. इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा सहित कई नेताओं ने कार्यकर्ताओं को फटकार लगाई और कहा कि नारे केवल कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के ही लगाए जाएं.
जिलाध्यक्ष ने दी नसीहत
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा के पीसीसी पहुंचने पर बाहर काफी देर तक उनके समर्थन में नारे लगाए गए. इसके बाद संवाद कार्यक्रम में भी नेताओं के नाम के नारे लगने लगे. इसे देखते हुए सुनील शर्मा ने कार्यकर्ताओं को रोकते हुए कहा कि नारे सिर्फ कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के ही लगेंगे.
"केवल पार्टी के नारे लगाए"
विधायक रफीक खान भी खड़े हुए और कहा कि व्यक्तियों के नारे लगाने के बजाय केवल कांग्रेस पार्टी के नारे लगाए जाने चाहिए. उन्होंने कहा कि इनके अलावा किसी अन्य नेता के नारे नहीं लगेंगे. नेताओं की फटकार के बाद कार्यकर्ता भी चौंक गए.
जीत की रणनीति पर मंथन किया
कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में नगर निगम चुनाव को लेकर फीडबैक, टिकट वितरण और वार्ड और बूथ स्तर पर जीत की रणनीति पर मंथन किया गया. इस दौरान मालवीय नगर से कांग्रेस प्रत्याशी रही अर्चना शर्मा और हवामहल से प्रत्याशी रहे आरआर तिवाड़ी ने कहा कि उन्हें पार्टी के ही जयचंदों ने चुनाव हराया. उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता ही अपने प्रत्याशी को चुनाव हराएं तो इससे बुरा क्या हो सकता है.
बैठक में जयपुर शहर में नगर निगम को एकीकृत करने के बावजूद वार्डों की संख्या कम नहीं किए जाने का मुद्दा भी उठा. कांग्रेस इस मुद्दे पर भाजपा के नाराज पूर्व पार्षदों को अपने पाले में लाने की कोशिश करेगी.
गहलोत और डोटासरा बैठक में नहीं पहुंचे
कार्यक्रम में विधायक अमीन कागजी, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास और पुष्पेंद्र भारद्वाज सहित कई नेता शामिल हुए. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का कार्यक्रम में शामिल होना प्रस्तावित था, लेकिन गहलोत के जोधपुर और डोटासरा के लक्ष्मणगढ़ दौरे पर होने के कारण दोनों कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में देर रात झमाझम बारिश, मौसम सुहाना; जानें अपने जिले के मौसम का हाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं