Bomb Threat Email: पंजाब सिविल सचिवालय और धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जो सचिवालय से संबंधित अधिकारियों को ईमेल के जरिए दी गई है. भेजने वाले ने बताया है कि वह दोपहर 1:11 बजे से 3:11 बजे के बीच पंजाब सिविल सचिवालय में बम धमाका करेगा. ईमेल में पंजाब के कई हिंदू धार्मिक स्थलों पर बम हमलों की धमकी दी गई थी.
इनमें दुर्गियाना मंदिर (अमृतसर), मुक्तेश्वर मंदिर (पठानकोट), देवी तालाब मंदिर (जालंधर), मैसर मंदिर (बठिंडा) और काली देवी मंदिर (पटियाला) शामिल हैं. ईमेल में ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी के संदर्भ में भड़काऊ और बदले की भावना वाले उल्लेख भी थे और ऐसा प्रतीत होता है कि इसका उद्देश्य डर, दहशत और सांप्रदायिक तनाव पैदा करना था.
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने धमकी को गंभीरता से लेते हुए सभी संवेदनशील स्थानों पर तत्काल जांच शुरू कर दी है. साथ ही सचिवालय के कर्मचारियों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है.
पंजाब पुलिस ने IED के साथ दो संदिग्ध दबोचे
वहीं, न्यूज एजेंसी IANS के अनुसार, पंजाब पुलिस ने सीमा पार से चलने वाले आतंकी नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है. राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने जानकारी दी कि साहिबजादा अजीत सिंह (एसएएस) नगर के विशेष अभियान प्रकोष्ठ (एसएसओसी) ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो विदेश में बैठे आतंकी के संपर्क में थे.
पंजाब डीजीपी के आधिकारिक 'एक्स' हैंडल से किए गए पोस्ट में बताया गया है, "ऑपरेशन के दौरान एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद किया गया, जिससे एसएएस नगर में महत्वपूर्ण सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की एक नापाक साजिश को नाकाम कर दिया गया. इस त्वरित और समय पर की गई कार्रवाई ने सार्वजनिक सुरक्षा के लिए संभावित रूप से विनाशकारी खतरे को टाल दिया है."
पुलिस पूरे आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच कर रही है. साजिश में शामिल हैंडलर, सहयोगी और सभी कड़ियां को जोड़कर नेटवर्क का खुलासा करेगी.
ये भी पढ़ें- किरतपुर-मनाली NH पर निहंग सिंह संगठनों का ‘खालसा टैक्स' शुरू, हिमाचल सरकार के एंट्री टैक्स का विरोध
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं