अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल में सबसे ज़्यादा 143 गोल करनेवाले, 5 बार बैलनडिओर का ख़िताब जीतनेवाले, इंस्टाग्राम पर दुनिया में सबसे ज़्यादा 67 करोड़ फॉलोअर्स (671 मिलियन) का दिल जीतनेवाले CR 7, क्रिस्टियानो रोनाल्डो रोने लगे और पूरी फ़ुटबॉल की दुनिया उनके साथ भावुक हो गई. भारत में भी रोनाल्डो के दीवानों की कमी नहीं. पूर्व भारतीय फ़ुटबॉलर और पूर्व भारतीय महिला फ़ुटबॉल कोच अनादि बरुआ भी थोड़े भावुक दिखे. अनादि बरुआ हैरान होकर कहते हैं, “करीब 35 होम एंड अवे मैच खेलने के बाद, इतनी मेहनत के बाद ख़िताबी जीत हमेशा आपके लिए ख़ास होती है.” अनादि हैरान होकर ये भी पूछते हैं, “अगर रोनाल्डो वर्ल्ड कप जीत गए तो क्या करेंगे? उनके खुशी के आंसू ज़ाहिर तौर पर उनके फ़ैन्स को भी भावुक करेंगे. इन सबका असर आप अगले महीने शुरू होनेवाले फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप पर भी देखेंगे.”
क्या रोनाल्डो जीत पाएंगे वर्ल्ड कप का ख़िताब?
ये पूछने पर कि क्या पुर्तगाल की टीम रोनाल्डो के साथ अपना पहला वर्ल्ड कप ख़िताब जीत सकती है? अनादि कहते हैं, “पुर्तगाल की टीम अच्छी है. कई यंग खिलाड़ी हैं. ये कह पाना मुश्किल है कि ये टीम ख़िताब तक पहुंचेगी या नहीं, मगर इस बार पुर्तगाल की टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी.”
कोच रोबर्टो मार्टिनेज़ ने ‘27 प्लस वन' (प्लस वन यानी कार एक्सीडेंट में मारे गए डियोगा जोटा) की टीम का एलान कर दिया है. पुर्तगाल की इस टीम को ‘गोल्डन जेनेरेशन' भी कहा जाता है जिसमें दिग्गजों के साथ युवाओं को जोश मिला हुआ है. लेकिन डिफेंस में ये टीम अक्सर मात खाती भी नज़र आई है.
रिकॉर्ड छठा वर्ल्ड कप खेलेंगे रोनाल्डो
41 साल के रोनाल्डो इस बार अपना रिकॉर्ड छठा वर्ल्ड कप खेलेंगे. रोनाल्डो के नाम ना सिर्फ़ सबसे ज़्यादा अंतर्राष्ट्रीय 143 गोल, बल्कि सबसे ज़्यादा 226 मैच का रिकॉर्ड भी है. अबतक दुनिया के छह दिग्गजों के नाम (अर्जेन्टीना के लियोनेल मेस्सी, पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो, जर्मनी के लोथार मैथ्यूज़, मेक्सिको के अंटोनियो कारबाजल, मेक्सिको के रफ़ेल मार्केज़, और मेक्सिको के आंद्रेस गुआर्दादो) पांच वर्ल्ड कप खेलने का रिकॉर्ड दर्ज है.
गोल मशीन के नाम 973 गोल
गोल मशीन रोनाल्डो ने Al Nassr अल नासिर में शामिल होने से लेकर अबतक साऊदी प्रो लीग में गोल की सेंचुरी लगाते हुए 102 गोल किए हैं. इस तरह क्लब और देश के लिए उनके नाम सीनियर स्तर पर 973 गोल हो गए हैं.
तीन साल के इंतज़ार के बाद CR 7 ने दमदार मैच खेलकर रियाध के अलाव्वल पार्क में दमक के खिलाफ अपनी टीम को 4-1 से जीत दिलाई और Al Nassr के लिए सऊदी प्रो लीग के लिए चैंपियनशिप का खिताब पक्का कर लिया.
Al Nassr को ख़िताबी रेस में आगे बने रहने और अल-हिलाल को पीछे रखने के लिए कम से कम एक अंक की ज़रूरत थी. पिछले हफ्ते ख़िताबी मैच में आखिरी पलों में उनके हाथ से चैंपियनशिप फिसल गई थी. पिछले हफ़्ते उनकी एक ग़लती से अल-हिलाल ने मैच को 1-1 से ड्रॉ करवा दिया था. इस बार रोनाल्डो ने 62वें और 80वें मिनट में Al Nassr के लिए दो गोल दागे और गेम ओवर.
इस जीत के साथ ही रोनाल्डो ने चार अलग-अलग टॉप-फ्लाइट लीग में चैंपियनशिप के ख़िताब अपने नाम कर लिए. जैसे ही फाइनल सीटी बजी सुपरस्टार CR 7 भावुक हो गए. जश्न का सिलसिला रियाद के अलाव्वल पार्क के साथ शुरू होकर दुनिया भर के टीवी स्क्रीन से चिपके रोनाल्डो के फ़ैन्स की खुशियों का हिस्सा बन गया. रोनाल्डो ने ट्रॉफ़ी उठाकर अपनी टीम के साथ अपनी पार्टनर जॉर्जिना रोड्रिग्ज और बच्चों को भी इस यादगार लम्हे का गवाह बना दिया.
दुनिया का सबसे महंगा एथलीट
एक रिपोर्ट के मुताबिक रोनाल्डो ने सऊदी फुटबॉल क्रांति का नेतृत्व करने के लिए सालाना 178 मिलियन पाउंड (करीब 2300 करोड़ रुपये) वाले कॉन्ट्रैक्ट पर साइन किया था और इस ख़िताब के साथ उन्होंने पैसा वसूल प्रदर्शन कर रोनाल्डो ने अपना और अपने क्लब का नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करवा दिया.
यह भी पढ़ें: SRH vs RCB: ट्रेविस हेड से तू-तू मैं-मैं के पहले से ही क्यों भन्नाए हुए थे विराट कोहली
यह भी पढ़ें: IPL 2026 Points Table: हारकर भी जीत गई RCB, क्वालीफायर-1 में इस टीम से होगी भिंडत, हैदराबाद खेलेगी एलिमिनेटर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं