विज्ञापन

Assam Weather: असम में काल बनकर आई बारिश, बाढ़ ने पूरी गुवाहाटी को डुबो दिया, अगले तीन दिन भी राहत नहीं, IMD का अलर्ट डरा रहा

Weather Update Assam Guwahati Floods: रविवार रात से सोमवार तक हुई बारिश ने गुवाहाटी को जलमग्न कर दिया है.यही हाल असम के कई इलाकों का है. स्कूल-कॉलेज बंद हैं तो सड़कों पर भरा घुटने भर का पानी लोगों को कहीं निकलने नहीं दे रहा है. मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिन तक राहत की कोई उम्मीद नहीं जताई है.

Assam Weather: असम में काल बनकर आई बारिश, बाढ़ ने पूरी गुवाहाटी को डुबो दिया, अगले तीन दिन भी राहत नहीं, IMD का अलर्ट डरा रहा
assam weather guwahati
  • गुवाहाटी में रविवार रात से सोमवार तक भारी बारिश के कारण जलभराव से कम से कम एक व्यक्ति की मौत हुई है
  • असम के कई इलाकों में जलमग्नता के कारण स्कूल-कॉलेज बंद किए गए और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है
  • IMD ने गुवाहाटी में अगले दो-तीन दिनों तक बारिश और तेज हवाओं के साथ खराब मौसम का पूर्वानुमान दिया है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
गुवाहाटी:

Assam Weather Update Guwahati Flood News: प्रभु तेरी कैसी माया, कहीं तेज धूप तो कहीं बाढ़ का काला साया... पूरा उत्तर भारत जहां आसमान से बरस रही आग में झुलस रहा है तो वहीं दूसरी ओर असम है, जहां बारिश मानो काल बनकर आई है. रविवार रात से सोमवार तक हुई बारिश ने गुवाहाटी को जलमग्न कर दिया है.यही हाल असम के कई इलाकों का है. स्कूल-कॉलेज बंद हैं तो सड़कों पर भरा घुटने भर का पानी लोगों को कहीं निकलने नहीं दे रहा है. असम में मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिन तक राहत की कोई उम्मीद नहीं जताई है. इसके उलट प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.  

गुवाहाटी में बाढ़ ने क्या हाल कर दिया

गुवाहाटी में मूसलाधार बारिश के कारण आई भीषण बाढ़ से कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया. सड़कें जलमग्न हो गईं, घरों में पानी घुस गया और पूरे शहर में यातायात ठप हो चुका है. भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि खानापारा में 215.9 मिमी बारिश दर्ज की गई और अगले 24 घंटों में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने तथा बीच-बीच में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है.

चिड़ियाघर रोड, आरजी बरुआ रोड, जीएस रोड, नबीन नगर, अनिल नगर, हाटीगांव, गणेशगुरी, बरमोटोरिया, बोरागांव, सरुमोटोरिया, नरेंगी, सावकुची, सतगांव, सिजुबारी, जुरीपार, गीता नगर, मालीगांव, हिदायतपुर, गुवाहाटी क्लब, उलुबारी, लाचित नगर, चांदमारी, पंजाबारी, जोराबत, तरुण नगर, जटिया, ज्योतिकुची, घोरामारा, वीआईपी रोड, राजगढ़ रोड, रुक्मिणीगांव और छतरीबारी सहित कई इलाकों में बाढ़ की सूचना मिली है.

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे मुख्यालय के पास मालीगांव चारियाली में एक महिला नाले में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई. एएसडीएमए ने आगे बताया कि मृत महिला की पहचान पायल नाथ के रूप में हुई है, जिसका शव पुलिस ने अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं (एफएंडईएस) की मदद से बरामद किया गया है.

स्कूल बंद, फंसे लोगों को निकाला जा चुका

कामरूप महानगर जिला प्रशासन ने भारी बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ के मद्देनजर सोमवार को सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है. एएसडीएमए ने बताया कि अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं और एसडीआरएफ कर्मियों ने फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए मोटर चालित नौकाओं के साथ शहर भर में कई टीमें तैनात की हैं.

इसमें आगे कहा गया, ‘‘अब तक प्रभावित क्षेत्रों से लगभग 50 लोगों को निकाला जा चुका है.कामरूप महानगर डीडीएमए ने सूचित किया है कि जलस्तर घट रहा है और पानी निकालने के लिए विभिन्न स्थानों पर पंप का इस्तेमाल किया गया है.''कार्यदिवस होने के कारण लगभग सभी सड़कों पर भारी यातायात जाम की सूचना मिली, जलभराव के कारण वाहन फंसे रहे. एम्बुलेंस घंटों तक फंसी रहीं, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.कई इलाकों में बिजली कटौती भी हुई.आईएमडी ने अगले सात दिनों तक गुवाहाटी में लगातार खराब मौसम का पूर्वानुमान लगाया है, जिसमें गरज के साथ बारिश होने की संभावना है.

असम में अगले तीन दिन राहत नहीं 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने असम में अगले दो से तीन दिनों तक लगातार बारिश की संभावना जताई है. विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है.गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार,पूर्वोत्तर असम और आसपास के क्षेत्रों में बने ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवातीय परिसंचरण तथा उत्तर-पूर्वी बांग्लादेश के ऊपर सक्रिय एक अन्य सिस्टम के कारण यह मौसम बना हुआ है. ये दोनों सिस्टम आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों को और तेज कर सकते हैं.

आईएमडी के मुताबिक,असम के अधिकांश इलाकों में मध्यम बारिश होने की संभावना है,जबकि कुछ जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.इसके साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आंधी-तूफान की भी आशंका जताई गई है.असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण शहरी बाढ़,यातायात बाधित होने और भूस्खलन की घटनाएं हो सकती हैं.

यह भी पढ़ें- गुवाहाटी में झमाझम बारिश, कई न‍िचले इलाके डूबे; आंधी तूफान की भव‍िष्‍यवाणी 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com