विज्ञापन
This Article is From Jun 29, 2019

Mumbai Weather: मुंबई में बारिश से जुड़े हादसों में 4 लोगों की मौत, अगले 48 घंटे में हो सकती है भारी बारिश

Mumbai weather: अधिकारियों ने बताया कि बारिश से शहर में सामान्य जीवन भले ही ज्यादा प्रभावित न हुआ हो लेकिन बारिश से जुड़ी घटनाओं में कम से कम पांच व्यक्ति घायल हो गए.

Mumbai weather Updates: बारिश की वजह से हुए हादसों में 4 लोगों की जान चली गई
  • लोकल ट्रेनें काफी हद तक इससे अप्रभावित रहीं
  • कुछ पैसेंजर एवं एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया
  • सबसे ज़्यादा बारिश मुंबई के घाटकोपर इलाके में हुई
मुंबई:

Mumbai weather Today: मुंबई के लोग मॉनसून (Monsoon) का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे. शुक्रवार को मॉनसून पहली बार बरसा और ऐसा बरसा कि इसकी वजह से हुए हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई. शुक्रवार सुबह से शुरू हुई बारिश रात भर जारी रही. मुंबई में पिछले 24 घंटों में 127 मिलीमीटर बारिश (Mumbai Rains) हुई है. पश्चिमी उपनगर में 170 मिलीमीटर और पूर्वी उपनगर में 197 मिलीमीटर बारिश हुई है. बारिश अब भी हो रही है. पिछले 24 घंटों में बारिश से जुड़े हादसों में 4 लोगों की मौत हो चुकी है. अंधेरी में करंट लगने से 60 साल की एक महिला की मौत हो गई जबकि दूसरी घटना में करंट लगने से गोरेगांव में 2 लोगों की मौत हुई और 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. ठाणे में भी करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है. चेंबूर इलाक़े में शुक्रवार रात दीवार ढह जाने से कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है.

अधिकारियों ने बताया कि बारिश से शहर में सामान्य जीवन भले ही ज्यादा प्रभावित न हुआ हो लेकिन बारिश से जुड़ी घटनाओं में (Mumbai weather) कम से कम पांच व्यक्ति घायल हो गए. मुंबई की जीवनरेखा मानी जाने वाली लोकल ट्रेनें काफी हद तक इससे अप्रभावित रहीं और अपने समय से चल रहीं हैं. हालांकि मौसम विभाग के भारी बारिश के अनुमान के मद्देनजर मध्य रेलवे ने मुंबई और पुणे के बीच चलने वाली कुछ पैसेंजर एवं एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया है. मध्य रेलवे की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि मुंबई-पुणे प्रगति एक्सप्रेस, मुंबई-पुणे सिंहगड एक्सप्रेस, भुसावल-मुंबई पैसेंजर, पुणे-पनवेल पैसेंजर को शनिवार और रविवार को रद्द कर दिया गया. भुसावल-पुणे एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तित कर दौंड-मनमाड़ की तरफ से कर दिया गया. बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के अधिकारियों के मुताबिक शहर के विभिन्न हिस्सों से शॉर्ट सर्किट के 39, पेड़ उखड़ने या टहनियां गिरने की 104 घटनाएं सामने आईं हैं. उन्होंने बताया कि शहर में दीवार गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में पांच व्यक्ति घायल हो गए.

मौसम विभाग के मुताबिक सबसे ज़्यादा बारिश मुंबई के घाटकोपर इलाके में हुई जहां पिछले 24 घंटों में 300 मिलीमीटर से ज़्यादा बारिश हुई है. इसी के चलते शनिवार सुबह करीब 10 बजे घाटकोपर के के एकवीरा दर्शन सोसाइटी कंपाउंड की दीवार ढह गई जिसका असर 5 से 6 गाड़ियों पर पड़ा. हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं. मुंबई के नज़दीक विरार में बारिश के चलते प्लेटफॉर्म का एक हिस्सा ढह गया और बड़ा गड्ढानुमा हो गया. कुछ हिस्सा रेलवे ट्रैक पर भी गिर गया. हालांकि इसका असर ट्रेनों की आवाजाही पर नहीं पड़ा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai Weather Updates, Mumbai Rains
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com