विज्ञापन

कलमा नहीं पढ़ने पर चाकू मारने के बाद पहने थे काले कपड़े, आरोपी जुबैर को उम्मीद- ISIS आएगा छुड़ाने

Mira Road Security Guards Attack: मीरा रोड के नयानगर में 31 वर्षीय जैब जुबेर अंसारी ने दो सिक्योरिटी गार्ड पर चाकू से हमला किया. में ATS जांच कर रही है. हमले के बाद आरोपी फरार होने के बजाय घर लौटा. चाकू धोया, खून से सने कपड़े बदले और काले कपड़े पहने.

कलमा नहीं पढ़ने पर चाकू मारने के बाद पहने थे काले कपड़े, आरोपी जुबैर को उम्मीद- ISIS आएगा छुड़ाने

Mira Road Stab Case: मुंबई से सटे मीरा रोड के नयानगर इलाके में हुए चाकूबाजी के मामले में जांच एजेंसियों को कई चौंकाने वाली बातें पता चली हैं. महाराष्ट्र एटीएस (Maharashtra ATS) की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी जैब जुबेर अंसारी (31) ने हमला करने के बाद भागने की बजाय अपने घर लौटने का फैसला किया था. अधिकारियों का मानना है कि यह कोई घबराहट में लिया गया कदम नहीं था, बल्कि एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा हो सकता है.

सूत्रों के अनुसार, वारदात के बाद अंसारी घर पहुंचा, जहां उसने सबसे पहले इस्तेमाल किया गया चाकू धोया, खून से सने कपड़े बदले और फिर काले रंग के कपड़े पहन लिए. जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि क्या काले कपड़े पहनना किसी तरह की कट्टरपंथी सोच या प्रतीक से जुड़ा हुआ था. अधिकारियों का कहना है कि आतंकवादी संगठन आईएसआईएस (ISIS) से जुड़े प्रोपेगैंडा में अक्सर काले झंडे और काले कपड़ों का इस्तेमाल देखा जाता है.

हमले के बाद वीडियो जारी करने की तैयार का भी शक

जांच में यह भी शक जताया जा रहा है कि आरोपी हमले के बाद कोई वीडियो रिकॉर्ड करने या अपनी जिम्मेदारी लेने वाला संदेश जारी करने की तैयारी में था. इस तरह के मामलों में “लोन वुल्फ” हमलों को पहचान देने के लिए वीडियो या मैसेज जारी करना एक आम पैटर्न माना जाता है. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले वह ऐसा कर पाया या नहीं, यह अभी साफ नहीं हो पाया है.

आरोपी ने मोबाइल फॉर्मेट किया

नयानगर पुलिस ने आरोपी के घर से चाकू और खून लगे कपड़े बरामद किए हैं, जिन्हें आगे की जांच के लिए एटीएस को सौंप दिया गया है. वहीं, जांच में एक बड़ी चुनौती यह भी सामने आई है कि आरोपी ने गिरफ्तारी से पहले अपना मोबाइल फोन फॉर्मेट कर दिया था. एजेंसियों का मानना है कि ऐसा उसने सबूत मिटाने के इरादे से किया.

दूसरा मोबाइल गायब, लैपटॉप फॉरेंसिंक जांच को भेजा

इसके अलावा, आरोपी का एक दूसरा मोबाइल फोन अभी तक गायब है. शक है कि उसने उसे कहीं फेंक दिया, ताकि जांच एजेंसियों को उसके डिजिटल कनेक्शन या किसी संभावित संपर्क का पता न चल सके. फिलहाल बरामद लैपटॉप और फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि डिलीट किया गया डेटा वापस हासिल किया जा सके.

जांच एजेंसियों खंगाल रहीं पूरा डिजिटल नेटवर्क

एजेंसियां अब आरोपी की ऑनलाइन गतिविधियों और डिजिटल नेटवर्क को खंगाल रही हैं. यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि वह वास्तव में अकेले काम कर रहा था या फिर उसे किसी तरह की ऑनलाइन गाइडेंस मिल रही थी. जांच का फोकस इस बात पर भी है कि कहीं वह किसी बड़े प्रोपेगैंडा नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं था, जो इस तरह के हमलों को बढ़ावा देता है.

'ISIS जल्द छुड़ाने आएगा'

पूछताछ के दौरान आरोपी की मानसिक स्थिति भी जांच का अहम हिस्सा बन गई है. सूत्रों के मुताबिक, अंसारी एक अलग ही दुनिया में जीता हुआ नजर आ रहा है. उसे लगता है कि ISIS उसके हमले को स्वीकार कर चुका है और जल्द ही उसे छुड़ाने की कोशिश करेगा. उसकी यह सोच वास्तविकता से काफी अलग मानी जा रही है.

बार-बार हाथ धोने, नहाने को कह रहा

हिरासत में भी उसका व्यवहार असामान्य बताया जा रहा है. वह बार-बार हाथ धोने और नहाने की जिद कर रहा है, यह कहते हुए कि उसके हाथ गंदे हैं. हालांकि, जांच एजेंसियों का कहना है कि वारदात के वक्त उसका व्यवहार पूरी तरह शांत और नियंत्रित था. उसने दो सिक्योरिटी गार्ड पर हमला बिना किसी घबराहट के किया और तीसरे गार्ड के बीच में आने पर ही प्रतिक्रिया दी.

फिलहाल एटीएस इस केस के हर पहलू की जांच कर रही है—चाहे वह आरोपी का मानसिक झुकाव हो, उसकी ऑनलाइन गतिविधियां हों या फिर किसी बड़े नेटवर्क से संभावित कनेक्शन. आने वाले दिनों में फॉरेंसिक रिपोर्ट और डिजिटल सबूत इस मामले में कई और अहम खुलासे कर सकते हैं.

27 अप्रैल को किया था चाकू से हमला

मुंबई से सटे मीरा रोड में सोमवार यानी 27 अप्रैल की तड़के जुबैर अंसारी ने निहत्थे सिक्योरिटी गार्ड और उसके सुपरवाइजर पर चाकू से हमला किया था. हमले से पहले आरोपी ने पूछा था हिंदू हो क्या? फिर कलमा पढ़ने को कहा. जब सुब्रोतो रमेश सेन और सुपरवाइजर राजकेशर मिश्रा नहीं पढ़ पाए तो चाकू से हमला कर दिया.

ये भी पढ़ें- NDTV EXCLUSIVE: कलमा नहीं पढ़ा तो मार दिया चाकू, मीरारोड कांड का वीडियो आया -गिड़गिड़ाता दिखा पीड़ित

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com