विज्ञापन

राजधानी एक्सप्रेस में आग के बाद रेल यातायात प्रभावित, दिल्ली रूट की 4 से 5 ट्रेनों को रोका गया

Trivandrum-Delhi Rajdhani Express Fire: इस आगजनी की घटना में कई यात्रियों का सामान जलकर खाक हो गया. वहीं एक महिला यात्री को मामूली चोट आई है, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया. राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.

राजधानी एक्सप्रेस में आग के बाद रेल यातायात प्रभावित, दिल्ली रूट की 4 से 5 ट्रेनों को रोका गया

Trivandrum-Delhi Rajdhani Express Fire: त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) में आग लगने की घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने राहत और बहाली का काम तेज कर दिया है. हादसे में जले हुए डब्बों को कोटा डिविजन के लूनी रिच्छा स्टेशन के लिए रवाना कर दिया गया है. वहीं ट्रेन में सवार सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित रूप से अलग-अलग कोच में शिफ्ट किया गया. यात्रियों की यात्रा प्रभावित न हो, इसके लिए कोटा स्टेशन पर अतिरिक्त कोच की व्यवस्था भी की गई.

यात्रियों का सामान जलकर खाक

घटना में कई यात्रियों का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया. हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. एक महिला यात्री को मामूली चोट आई है, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया.

दिल्ली रूट की 4 से 5 ट्रेनों को रोका गया

रेलवे अधिकारियों के अनुसार मुंबई जाने वाला रेल मार्ग फिर से शुरू कर दिया गया है, जबकि दिल्ली की ओर जाने वाला ट्रैक अभी भी बंद है. इसके चलते दिल्ली रूट की 4 से 5 ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोका गया है. रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर मरम्मत और जांच कार्य में जुटी हुई है.

कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया था

रविवार सुबह करीब 5:30 बजे लूणी-विक्रमगढ़ के बीच त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के थर्ड एसी कोच बी-1 में भयकर आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया. देखते ही देखते थर्ड एसी और एसएलआर कोच आग की लपटों में घिर गए. दूर तक आसमान में उठती लपटें दिखाई देने लगीं, जिससे इलाके में भी हड़कंप मच गया था. 

दोनों कोच जलकर खाक

आग लगने की सूचना गार्ड ने लोको पायलट को दी. इसके बाद ट्रेन को रुकवाया गया और पैसेंजर्स को बाहर निकाला गया. ट्रेन में मौजूद आरपीएफ स्टाफ व दूसरे लोगों ने तुरंत कोच से पैसेंजर्स की डि-बोर्डिंग शुरू की. करीब 15 मिनट में पूरा कोच खाली कराया गया. फायर बिग्रेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि दोनों कोच जलकर पूरी तरह खाक हो गया. 

ये भी पढ़ें: त्रिवेंद्रम-दिल्ली राजधानी के AC कोच में लगी भीषण आग, 68 लोग बचाए गए, दिल्ली-मुंबई रूट प्रभावित

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com