आज के समय में कम उम्र में बालों का सफेद होना एक आम बात हो गई है. इसके पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं. जैसे- खराब लाइफस्टाइल, अनहेल्दी डाइट, स्ट्रेस, इसके अलावा केमिकल वाले हेयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करने से भी बाल उम्र से पहले ही सफेद होने लगते हैं. ऐसे में बालों को काला करने के लिए लोग नेचुरल चीजों की तलाश में ज्यादा रहते हैं. अगर आप भी ऐसा ही कोई तरीका ढूंढ रहे हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. इसे लेकर फेमस आयुर्वेदिक डॉक्टर सलीम जैदी ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने 3 हर्ब्स यानी जड़ी-बूटियों के बारे में बताया है. डॉक्टर जैदी कहते हैं कि ये हर्ब्स नेचुरल तरीके से आपके बालों को काला करने में असर दिखा सकती हैं. साथ ही इससे आपके बालों की ग्रोथ भी तेजी से हो सकती है. आइए जानते हैं इनके बारे में, साथ ही जानेंगे बालों के लिए इन्हें इस्तेमाल करने का तरीका-
क्या हैं ये तीन हर्ब्स?
आयुर्वेदिक डॉक्टर बालों की देखभाल के लिए आंवला, भृंगराज और गुड़हल का इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं. वे बताते हैं, ये तीन चीजें बिना किसी नुकसान के आपके बालों को एक साथ कई तरीके से फायदा पहुंचा सकती हैं.
बालों के लिए आंवला का इस्तेमाल कैसे करें?डॉक्टर जैदी बताते हैं, आंवला लंबे समय से बालों की देखभाल में इस्तेमाल होता रहा है. आंवला बालों पर DHT के असर को कम करने में मदद कर सकता है, जिससे बालों के झड़ने, सफेद होने और कमजोर होने की परेशानी को कम करने में मदद मिल सकती है.
दो चम्मच आंवला पाउडर लें. इसमें थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालकर पेस्ट बना लें. इस पेस्ट को करीब 20 मिनट ढककर रखें. इसके बाद इसे बालों की जड़ों यानी स्कैल्प पर अच्छी तरह लगाएं. इसे 20 से 40 मिनट तक लगा रहने दें और फिर सादे पानी से बाल धो लें. डॉक्टर जैदी हफ्ते में 2 से 3 बार इस नुस्खे को आजमाने की सलाह देते हैं. इससे अलग आप रोज सुबह एक चम्मच आंवला पाउडर को एक गिलास गुनगुने पानी में मिलाकर पी भी सकते हैं.
बालों के लिए भृंगराज का इस्तेमाल कैसे करें?आयु्र्वेद में भृंगराज को 'बालों का राजा' कहा जाता है. भृंगराज स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन को बढ़ाने में मदद करता है, जिससे बालों की जड़ों को पोषक तत्व अच्छी मात्रा में मिलते हैं. इससे बालों के झड़ने की समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है, साथ ही बालों को समय से पहले सफेद होने से भी रोका जा सकता है.
इसके लिए दो चम्मच भृंगराज पाउडर लें और उसमें गुनगुना पानी मिलाकर पेस्ट बना लें. पेस्ट को करीब 20 मिनट ढककर रखें. इसके बाद इसे बालों की जड़ों पर लगाएं. करीब 45 मिनट तक इसे लगा रहने दें और फिर सादे पानी से बाल धो लें. आप इसे हफ्ते में एक से दो बार अपने बालों पर लगा सकते हैं.
बालों के लिए गुड़हल का इस्तेमाल कैसे करें?डॉक्टर जैदी कहते हैं, गुड़हल यानी हिबिस्कस का फूल भी बालों के लिए बेहद फायदेमंद हो सकता है. इसमें अमीनो एसिड्स होते हैं, जो प्रोटीन के बिल्डिंग ब्लॉक्स होते हैं. हमारे बाल प्रोटीन से ही बने होते हैं. इससे अलग गुड़हल बालों के रोमों में मेलेनिन के उत्पादन को सपोर्ट करता है, जिससे बालों का प्राकृतिक रंग बना रहता है और समय से पहले बाल सफेद होने से रुकते हैं.
इसे लगाने के लिए दो चम्मच गुड़हल पाउडर लें और उसमें दो चम्मच दही मिलाएं. दोनों को अच्छी तरह मिलाकर पेस्ट बना लें. अब, इस पेस्ट को स्कैल्प और बालों की लंबाई पर लगाएं. करीब 30 मिनट बाद सादे पानी से बाल धो लें.
तीनों को मिलाकर भी लगा सकते हैंआयु्र्वेदिक डॉक्टर कहते हैं, ज्यादा बेहतर नतीजों के लिए आप इन तीनों हर्ब्स को एक साथ भी लगा सकते हैं. इसके लिए-
- एक चम्मच आंवला पाउडर, एक चम्मच भृंगराज पाउडर और एक चम्मच गुड़हल पाउडर लें.
- तीनों को कांच की कटोरी में अच्छी तरह मिला लें.
- अब, इसमें थोड़ा गुनगुना पानी डालकर ऐसा पेस्ट बनाएं जो बहुत पतला न हो.
- पेस्ट को करीब 30 मिनट ढककर रखें. इसके बाद बालों को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर पहले इसे बालों की जड़ों पर लगाएं. फिर बालों की लंबाई पर भी लगा सकते हैं.
- इसे 40 से 50 मिनट तक लगा रहने दें. इसके बाद नॉर्मल या हल्के गुनगुने पानी से बाल धो लें.
- आप हफ्ते में एक से दो बार इस हेयर मास्क को लगा सकते हैं.
- इन हर्ब्स का पेस्ट बनाते समय बहुत गर्म पानी का इस्तेमाल न करें.
- पेस्ट को लोहे या स्टील के बर्तन में बनाने से बचें. इससे अलग कांच या मिट्टी के बर्तन का इस्तेमाल करें.
- अच्छी क्वालिटी वाले आंवला पाउडर, हिबिस्कस पाउडर और भृंगराज पाउडर का इस्तेमाल करें.
- इन सब से अलग इन पेस्ट को लगाने के बाद उसी दिन शैंपू से बालों को न धोएं. आप अगले दिन शैंपू का इस्तेमाल कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- चूहों को बिना मारे घर से दूर कैसे भगाएं? इस तरीके से घर में एक भी चूहा नहीं आएगा नजर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं