बालों की देखभाल के लिए तेल का इस्तेमाल सबसे आम है. तेल को बालों के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. अधिकतर लोग मानते हैं कि तेल लगाने से बाल जड़ से मजबूत होते हैं, इससे बाल टूटते नहीं हैं और हेयर ग्रोथ भी तेजी से होती है. ऐसे में कई लोग रातभर बालों में तेल लगाकर सोते हैं. माना जाता है कि तेल जितनी देर आपके बालों में रहेगा, इसके फायदे उतने ही ज्यादा मिलेंगे. अब, अगर आप भी ऐसा कुछ सोचते हैं, तो ये आर्टिकल आप ही के लिए है. मशहूर सेलिब्रिटी हेयर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉक्टर मयंक सिंह ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में हेयर एक्सपर्ट ने तेल को लेकर जरूरी जानकारी दी है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
रातभर तेल लगाने से बालों पर कैसा असर होता है?
डॉक्टर मयंक सिंह के मुताबिक, ज्यादातर लोग मानते हैं कि बालों में रातभर तेल लगाने से बाल तेजी से लंबे होने लगते हैं. लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है. उल्टा इतनी देर के लिए तेल लगाने से आपके बालों को नुकसान हो सकता है.
हेयर ट्रांसप्लांट सर्जन बताते हैं, तेल का मुख्य काम बालों को कंडीशन करना होता है. यह बालों की बाहरी परत यानी क्यूटिकल को स्मूद बनाने में मदद करता है, जिससे बाल कुछ ज्यादा मुलायम और बेहतर नजर आ सकते हैं. इससे बालों की ग्रोथ पर कोई खास असर नहीं पड़ता है.
झेलने पड़ सकते हैं ये नुकसानडॉक्टर बताते हैं, लंबे समय तक स्कैल्प (सिर की त्वचा) पर तेल लगा रहने से वहां बिल्डअप और गंदगी जमा होने की समस्या हो सकती है. इससे स्कैल्प पर बैक्टीरियल और फंगल इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है. ऐसी स्थिति में कुछ लोगों को स्कैल्प पर खुजली, चिपचिपापन या दूसरी परेशानियां महसूस हो सकती हैं. समय के साथ ये परेशानी ज्यादा गंभीर हो जाती है, जिससे हेयर फॉल भी बढ़ने लगता है.
कितनी देर के लिए लगाएं तेल?डॉक्टर मयंक सिंह सलाह देते हैं कि आप बाल धोने से करीब 30 मिनट पहले तेल लगा सकते हैं. इसमें भी कोशिश करें कि आप बालों की लंबाई पर तेल लगाएं. स्कैल्प पर बहुत ज्यादा तेल लगाने से बचें.
इन बातों का रखें ध्यान
तेल लगाने के बाद बालों को अच्छी तरह साफ करना जरूरी है. अगर स्कैल्प पहले से बहुत ऑयली है या बार-बार खुजली और पपड़ी जैसी समस्या होती है, तो कुछ समय के लिए तेल लगाने से बचें. इस तरह आप अपने बालों की सही देखभाल कर पाएंगे.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- क्या है वायरल Soft Blocking ट्रेंड? बिना लड़ाई-झगड़े के रिश्तों में दूरी बनाने का नया तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं