धीरे-धीरे सर्दियों ने दस्तक देनी शुरू कर दी है. ऐसे में लोग अपने सर्दियों के कपड़े भी निकालने लगे हैं. अब, ठंड के मौसम में ज्यादातर लोग लेदर की जैकेट पहनना पसंद करते हैं. ये ना सिर्फ ठंड से बचाती है, बल्कि देखने में भी बेहद स्टाइलिस्ट लगती है. लेकिन कई बार लगातार इस्तेमाल के बाद जैकेट पर धूल और गंदगी जमने लगती है. ऐसे में इसे साफ करने के लिए ड्राई क्लीन के लिए देना पड़ता है. लेकिन आप चाहें, तो घर पर भी बड़ी ही आसानी से अपनी लेदर की जैकेट को साफ कर सकते हैं. यहां हम आपको इसी का तरीका बताने वाले हैं. आइए जानते हैं घर पर लेदर जैकेट की सफाई कैसे करें-
स्टेप नंबर 1- थोड़ा पानी डालकर देखें
सबसे पहले ये पता करना जरूरी है कि आपकी लेदर जैकेट पर पानी का इस्तेमाल किया जा सकता है या नहीं. इसके लिए जैकेट के पिछले हिस्से पर 2 से 3 बूंद पानी डालकर देखें. अगर पानी जैकेट के अंदर नहीं जाता और ऊपर ही रहता है, तो आप इसपर पानी का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए एक साफ माइक्रोफाइबर कपड़े को हल्का गीला करें और फिर इससे जैकेट को धीरे-धीरे साफ करें. ध्यान रखें कि कपड़ा ज्यादा गीला नहीं होना चाहिए, साथ ही कपड़े से साफ करते हुए जैकेट को जोर से रगड़ने से भी बचें.
वहीं, अगर लेदर पानी सोख लेता है, तो उस पर पानी का इस्तेमाल न करें. ऐसी जैकेट को साफ करने के लिए आपको खास क्लीनर की जरूरत होगी. मार्किट में आपको आसानी से लेदर क्लीनर मिल जाएगा. आप उससे अपनी जैकेट की सफाई कर सकते हैं. बस आपको इस जैकेट पर पानी का इस्तेमाल नहीं करना है.
स्टेप नंबर 2- लेदर की जैकेट को कैसे सुखाएं?लेदर जैकेट को साफ करने के बाद उसे सही तरीके से सुखाना भी बहुत जरूरी है. कई लोग जैकेट को जल्दी सुखाने के लिए धूप में रख देते हैं, लेकिन ऐसा करने से लेदर खराब हो सकता है. ज्यादा गर्मी से जैकेट सख्त हो सकती है या उसमें दरारें भी पड़ सकती हैं. इसलिए लेदर की जैकेट को कभी भी धूप में न सुखाएं. इसे हेयर ड्रायर से सुखाने से भी बचें. गर्म हवा से भी जैकेट खराब हो सकती है. इससे अलग आप कमरे में पंखा चलाकर जैकेट को सुखा सकते हैं.
स्टेप नंबर 3- लेदर की चमक को बनाए रखने के लिए क्या करेंलेदर जैकेट को साफ रखने के साथ उसकी चमक को बनाए रखना भी जरूरी है. तभी ये जैकेट अच्छी लगती है. इसके लिए आप लेदर कंडीशनर का इस्तेमाल कर सकते हैं. अगर आपने माइक्रोफाइबर कपड़े को गीला करने के बाद अपनी जैकेट की सफाई की है, तो इसे सूखाने के बाद आप थोड़ी मात्रा में जैकेट पर लेदर कंडीशनर लगा सकते हैं. लेकिन अगर आपने लेदर क्लीनर की मदद से जैकेट को साफ किया है, तो आपको कंडीशनक की जरूरत नहीं पड़ेगी.
इस तरह इन तीन आसान स्टेप्स को फॉलो कर आप अपने लेदर की जैकेट को साफ कर सकते हैं और जैकेट की चमक को हमेशा बनाए रख सकते हैं.
यह भी पढ़ें- अपराजिता के फूलों से घर पर क्रीम कैसे बनाएं? जानें बिना केमिकल वाली फेस क्रीम बनाने का तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं