हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा समझदार बने. इसके लिए वे अपने बच्चे को छोटी उम्र से ही महंगे-महंगे स्कूल भेजते हैं, अपने बच्चे के लिए महंगे एजुकेशनल खिलौने, फ्लैश कार्ड खरीदते हैं या बच्चे से अलग-अलग एक्टिविटीज करवाते हैं. पीडियाट्रिशियन निमिषा अरोड़ा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की है. अपनी इस पोस्ट में वे बताती हैं, इन तमाम चीजों से अलग बच्चे की समझ को बढ़ाने, बच्चे को होशियार बनाने या शुरुआती विकास के लिए रोजमर्रा की कुछ छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देना भी जरूरी है. इसके लिए पीडियाट्रिशियन 4 चीजें करने की सलाह देती हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-
नंबर 1- बच्चे से खूब बातें करें
सबसे पहले अपने बच्चे से जितना हो सके, बातें करने की कोशिश करें. पीडियाट्रिशियन कहती हैं, बात करने के लिए बच्चे के बोलना शुरू करने का इंतजार न करें. इससे अलग खुद से बच्चे से बात करें. आप जो भी कर रहे हैं, उसके बारे में बच्चे को बताएं. वह जो चीज देख रहा है, उसका नाम लेकर बच्चे को बताएं. बाहर जाते समय पेड़, गाड़ी और पक्षी दिखाकर बच्चे को उनके नाम बताएं. इससे बच्चा चीजों को देखता है, उनके बारे में समझता है और उनके नाम जल्दी जान लेता है. ये चीजें बच्चे की समझ को बढ़ाती हैं.
नंबर 2- बच्चे के साथ बैठकर किताबें पढ़ेंपीडियाट्रिशियन कहती हैं, अपने बच्चे के साथ बैठकर किताबें पढ़ें. भले ही छोटी उम्र में बच्चा आपकी बातों को समझ न पाए, कहानी को समझ न पाए फिर भी उसके साथ किताब पढ़ना शुरू किया जा सकता है. इससे समय के साथ बच्चे को भाषा और आवाज की समझ होने लगती है, बच्चा खुद किताबों से जुड़ता है, साथ ही माता-पिता के साथ भी जुड़ाव महसूस करता है.
नंबर 3- बच्चे को फर्श पर खेलने देंहर समय बच्चे को कुर्सी, स्ट्रोलर या बिस्तर पर लिटाकर न रखें. इससे अलग कुछ देर बच्चे को फर्श पर भी खेलने या हिलने-डुलने का मौका दें. इससे बच्चा हाथ-पैर चलाना सीख पाएगा, चीजों तक पहुंचने की कोशिश करेगा, पलटना और रेंगना जैसी गतिविधियां करेगा. ये सभी चीजें बच्चे को अपने शरीर और आसपास की दुनिया को समझने में मदद करती हैं.
नंबर 4- हर समय बच्चे को एंटरटेन न करेंइन सब से अलग पीडियाट्रिशियन कहती हैं, बच्चे के साथ समय बिताना जरूरी है, लेकिन हर समय बच्चे को खिलौने, मोबाइल या किसी दूसरी चीज में व्यस्त रखना जरूरी नहीं है. हर समय बच्चे को एंटरटेन न करें. थोड़े टाइम के लिए उसे खुद को चीजों को देखने और समझने का मौका दें. कभी-कभी थोड़ी बोरियत में भी बच्चे चीजों को जल्दी सीख लेते हैं.
पीडियाट्रिशियन बताती हैं, इन छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देकर आप छोटी उम्र से ही अपने बच्चे में समझ बढ़ा सकते हैं. बच्चे को चीजें समझाएं और उसे खुद भी अपने आसपास की चीजों को देखने और समझने का मौका दें. इसके साथ-साथ बच्चे की पर्याप्त नींद, पौष्टिक खाना, उम्र के अनुसार शारीरिक गतिविधि पर भी ध्यान दें. रोज ये छोटे-छोटे काम कर आप अपने बच्चे के विकास की नींव को मजबूत कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- बच्चा नींद में डरता है तो क्या करें? Parenting Expert ने बताया सोते-सोते क्यों डरते हैं बच्चे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं