Miss Universe 2026: मिस यूनिवर्स 2026 का ताज प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने अपने नाम कर लिया है. 75वें मिस यूनिवर्स में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब जीता. इस प्रतियोगिता में डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज पहली रनर-अप रहीं, जबकि वेनेजुएला की क्लारा वेगास गोएट्ज ने दूसरे रनर-अप का स्थान हासिल किया. फाइनल राउंड में प्यूर्टो रिको, डोमिनिकन रिपब्लिक, वेनेजुएला, फिलीपींस और न्यूजीलैंड की प्रतिभागियों ने जगह बनाई थी, जहां सभी से एक ही सवाल पूछा गया था कि मौजूदा समय में दुनिया को अपने नेताओं से सबसे ज्यादा क्या चाहिए. जेनिफर बैरेटो ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और प्रभावशाली जवाब से जजों का दिल जीतते हुए मिस यूनिवर्स 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया.
मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने वाली पहली मां

Photo Credit: Instagram/ @missuniverse
जेनिफर बैरेटो की जीत को और भी खास बनाने वाली बात ये है कि वो मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने वाली पहली मां बनी हैं. जेनिफर शादीशुदा हैं और उनकी सात साल की बेटी पेनेलोप है. ग्लैमर की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के साथ-साथ जेनिफर ने शिक्षा और सामाजिक कार्यों के क्षेत्र में भी उपलब्धियां हासिल की हैं. उन्होंने साइकोलॉजी में बैचलर डिग्री प्राप्त की है, वहीं साइकोलॉजी और क्लिनिकल सोशल वर्क में दो अलग-अलग मास्टर डिग्रियां भी हासिल की हैं.
ब्यूटी पेजेंट की दुनिया में आने से पहले क्या करती थीं जेनिफर बैरेटो?

Add image caption here
ब्यूटी पेजेंट की दुनिया में कदम रखने से पहले जेनिफर बैरेटो अमेरिका के टेक्सास स्थित फोर्ट कैवाजोस में यूएस आर्मी फैमिली एडवोकेसी प्रोग्राम के साथ काम करती थीं. वहां वो एजुकेटर और क्राइसिस रिस्पॉन्डर के रूप में सैन्य परिवारों की मदद करती थीं और घरेलू हिंसा और बच्चों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार जैसे संवेदनशील मामलों पर सहयोग प्रदान करती थीं.

Photo Credit: Instagram/@missuniverseindiaorg
दिलचस्प बात ये है कि मिस यूनिवर्स प्यूर्टो रिको 2026 में हिस्सा लेने से पहले जेनिफर ने कभी किसी ब्यूटी पेजेंट में भाग नहीं लिया था. उन्होंने साल 2025 में प्रतियोगिता की तैयारी शुरू की और जून 2026 में राष्ट्रीय खिताब जीतकर सभी को चौंका दिया.
प्यूर्टो रिको ने अब तक छह बार जीता खिताब

Photo Credit: Instagram/ @missuniverse
जेनिफर बैरेटो की मिस यूनिवर्स 2026 में जीत के साथ प्यूर्टो रिको ने अब तक छह बार मिस यूनिवर्स का खिताब अपने नाम कर लिया है. इससे पहले मैरिसोल मलारेट (1970), डेबोरा कार्थी-ड्यू (1985), दयानारा टोरेस (1993), डेनिस क्यूनोनेस (2001) और जुलेयका रिवेरा (2006) ताज जीत चुकी हैं.

Photo Credit: Instagram/ @jenniferbarretopr
खास बात ये है कि ये प्यूर्टो रिको की मेजबानी में मिला दूसरा मिस यूनिवर्स खिताब है. इससे पहले साल 2001 में, जब प्रतियोगिता प्यूर्टो रिको में आयोजित हुई थी, तब डेनिस क्यूनोनेस को विजेता घोषित किया गया था.

Photo Credit: Instagram/ @jenniferbarretopr
Miss Universe 75 का ग्रैंड फिनाले प्यूर्टो रिको के सैन जुआन में जोस मिगुएल एग्रेलोट कोलिजियम में आयोजित किया गया. ये कॉम्पटीशन इंटरनेशनल व्यूजी पेजेंट के 75 साल पूरे होने का स्पेशल मौका भी था. इस साल इसमें 116 कंटेस्टेंट ने हिस्सा लिया. कॉम्पटीशन के दौरान कंटेस्टेंट्स ने नेशनल कॉस्ट्यूम, प्रीलिमिनरी और फाइनल राउंड में अपने टैलेंट का प्रदर्शन किया.
यह भी पढ़ें: सिर्फ स्वेटर पहनना नहीं, उसे स्टाइल करना भी सीखिए! अपनाएं ये 4 तरीके, दिखेंगी एकदम स्टाइलिश और फैशनेबल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं