विज्ञापन

बच्चा दवाई पीने में करता है आनाकानी? एक्सपर्ट ने बताया सही तरीका, बिना रोए दवा लेगा बच्चा

पीडियाट्रिशियन रवि मलिक ने 4 तरीके बताए हैं, जिन्हें अपनाने से बच्चा बिना जिद किए आराम से दवाई ले सकता है. आइए जानते हैं इनके बारे में-

बच्चा दवाई पीने में करता है आनाकानी? एक्सपर्ट ने बताया सही तरीका, बिना रोए दवा लेगा बच्चा
बच्चों को दवा कैसे पिलानी चाहिए?
(Photo Credit: Freepik)

बच्चे को दवाई देना कई बार माता-पिता के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है. दवाई का नाम सुनते ही कुछ बच्चे भाग जाते हैं, कुछ रोने लगते हैं, कुछ अपना मुंह बंद कर लेते हैं, तो कुछ दवा लेने के बाद तुरंत थूक देते हैं. ऐसे में पेरेंट्स परेशान होकर बच्चे को जबरदस्ती दवाई देने लगते हैं. लेकिन ऐसा करने से बच्चे के मन में दवाई का डर और बढ़ सकता है. इसी कड़ी में पीडियाट्रिशियन रवि मलिक ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने बच्चों को दवाई देने के कुछ आसान तरीके बताए हैं. पीडियाट्रिशियन कहते हैं, इन तरीकों को अपनाने से बच्चा बिना जिद किए आराम से दवाई लेने लगेगा. आइए जानते हैं कैसे-

नंबर 1- चम्मच से नहीं, सिरिंज से दें दवाई

पीडियाट्रिशियन कहते हैं, छोटे बच्चों को दवाई देने के लिए चम्मच की जगह मेडिसिन सिरिंज का इस्तेमाल किया जा सकता है. सिरिंज से आप दवाई की सही मात्रा भी माप सकते हैं, साथ ही इससे दवाई देना थोड़ा ज्यादा आसान होता है. बस ध्यान रखें कि दवाई सिरिंज में भरने के बाद उसे बच्चे के मुंह के बीच में डालने के बजाय गाल की तरफ रखें. एक साथ पूरी दवाई मुंह में डालने से बचें, सिरिंज गाल की तरफ कर दवाई को धीरे-धीरे मुंह में डालें.

नंबर 2- दवाई का स्वाद बदलें

पीडियाट्रिशियन कहते हैं, कई बच्चों को दवाई का स्वाद अच्छा नहीं लगता. इसी वजह से वे दवा लेने से मना कर देते हैं. ऐसे में कुछ दवाओं को पानी या जूस के साथ मिलाकर दिया जा सकता है. आप डॉक्टर से सलाह कर दवाई को पानी में या बच्चे के पसंदीदा जूस में मिलाकर दे सकते हैं. इससे अलग आप डॉक्टर से दवाई का फ्लेवर चेंज करने की बात भी कह सकते हैं. कुछ दवाएं अलग-अलग फ्लेवर में भी आती हैं.

नंबर 3- बच्चे को बैठाकर दें दवाई

पीडियाट्रिशियन आगे कहते हैं, बच्चे को दवाई हमेशा बैठाकर देने की कोशिश करें. उसे लेटाकर दवाई देने से दवा गलत रास्ते में जा सकती है और चोकिंग का खतरा हो सकता है. इसलिए दवाई देते समय बच्चे को सीधा बैठाकर रखें.

नंबर 4- बच्चे को डराएं या धमकाएं नहीं

इन सब से अलग पीडियाट्रिशियन कहते हैं, दवाई देने से पहले हमेशा बच्चे से प्यार से बात करें. उसे बताएं कि दवाई क्यों दी जा रही है और इससे उसे ठीक होने में मदद मिलेगी. बच्चे को डराना, धमकी देना या जबरदस्ती करना सही तरीका नहीं है. जब बच्चा दवाई ले ले तो उसकी तारीफ करें. इससे बच्चे का हौसला बढ़ेगा और अगली बार वो खुद आराम से दवाई ले लेगा.

सबसे जरूरी बात है कि पेरेंट्स दवाई देते समय खुद शांत रहें. प्यार से समझाने और सही तरीका अपनाने से बच्चे की जिद कम की जा सकती है.

यहां देखें वीडियो-

यह भी पढ़ें- बच्चे को स्कूल भेजने की सबसे सही उम्र क्या है? एक्सपर्ट ने बताया स्कूल शुरू करने से पहले किन बातों का रखें ध्यान
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Parenting Tips, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com