कई बार नए कपड़े धोते समय उनका रंग निकलने लगता है और दूसरे कपड़ों पर चढ़ जाता है. खासतौर पर गहरे रंग के सूट, पजामे, दुपट्टे या जींस अक्सर कलर छोड़ते हैं. ऐसे में कपड़े खराब होने का डर बना रहता है. साथ ही अगर इन कपड़ों के साथ सफेद रंग के कपड़े धोने डाल दें, तो उनकी पूरी रंगत ही चली चाती है. चमकते हुए सफेद कपड़ों पर दूसरे रंग चढ़ जाते हैं और पूरा लुक खराब होने लगता है. इसी कड़ी में आज हम आपको ऐसी ट्रिक बताने जा रहे हैं जिसकी मदद से आप घर पर ही सफेद कपड़ों पर लगे दूसरे कपड़ों के रंग को साफ कर सकते हैं. इसकी जानकारी @MaaYehKaiseKarun नाम के यूट्यूब चैनल से दी गई है.
सफेद कपड़े पर रंग चढ़ जाए तो क्या करें?
- 4 से 5 लीटर उबलता पानी
- थोड़ा डिटर्जेंट
- कास्टिक सोडा
कैसे करें इस्तेमाल?
सफेद कपड़ों से रंग को हटाने के लिए एक बड़े टब में उबलता हुआ पानी डालें. फिर उसमें डिटर्जेंट और थोड़ी मात्रा में कास्टिक सोडा मिलाएं. इसके बाद सफेद कपड़ों को इस घोल में डाल दें. करीब 1 से 1.5 घंटे तक भिगोकर रखें. इसके बाद कपड़े को सामान्य तरीके से धो लें. इससे सफेद कपड़े साफ हो जाएंगे और नई जैसी चमक आ जाएगी.
कपड़े रंग छोड़ते हैं तो अपनाएं ये ट्रिक
इसके लिए एक बड़े टब में करीब 5 लीटर पानी लें. अब उसमें 2 चम्मच बारीक कुटी हुई फिटकरी, 2 चम्मच नमक डालें और मिश्रण को अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद रंग छोड़ने वाले कपड़ों को इस घोल में डालें. फिर करीब 1 से 1.5 घंटे तक पानी में भिगोकर रखें. फिर धो दें. दरअसल, नमक और फिटकरी का यह घोल कपड़े के रंग को फिक्स करने में मदद करता है. पहली बार भिगोने के बाद अगर कपड़ा दोबारा साफ पानी में रंग नहीं छोड़ता है, तो समझिए कि उसका रंग काफी हद तक सेट हो चुका है.
इन बातों का रखें ध्यान
- नए गहरे रंग के कपड़ों को हमेशा अलग धोएं.
- पहली धुलाई से पहले नमक और फिटकरी वाले घोल का इस्तेमाल करें.
- अलग-अलग रंग और क्वालिटी के कपड़े अलग-अलग मात्रा में रंग छोड़ सकते हैं.
- किसी भी उपाय को अपनाने से पहले कपड़े के एक छोटे हिस्से पर टेस्ट कर लें.
यह भी पढ़ें: 'सांप की मौसी' को भगाने का क्या तरीका है? घर से 'बभनी' भगाने के क्या घरेलू उपाय हैं?
यह भी पढ़ें: Shower Cleaning Trick: 7 रुपये में चमकाएं गंदा शॉवर, पानी का फ्लो भी होगा तेज, ऐसे करें सफाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं