Eye Makeup Tips: दिवाली का सीजन चल रहा है और इस दौरान अधिकतर महिलाओं को सजने-संवरने और मेकअप का बहुत शौक होता है. इसमें आंखों का मेकअप भी अहम हिस्सा होता है. गहरा काजल, रंगीन आईलाइनर और चमकदार ग्लिटर चेहरे की खूबसूरती बढ़ाने का काम करते हैं. लेकिन अगर इनका इस्तेमाल सही तरीके से न किया जाए, तो यही मेकअप आंखों में जलन, एलर्जी, इंफेक्शन और ड्राई आई जैसी समस्याओं की वजह बन सकता है. इसी कड़ी में आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि काजल, आईलाइनर और ग्लिटर लगाते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए. इसकी जानकारी डॉ. अग्रवाल आई हॉस्पिटल, नोएडा, मोतियाबिंद (कैटरेक्ट) और रिफ्रैक्टिव सर्जरी विशेषज्ञ और सीनियर कंसल्टेंट डॉक्टर दिव्या अग्रवाल न दी है.
वॉटरलाइन पर मेकअप लगाने से बचें
डॉक्टर के अनुसार आंखों की पलकों के किनारों पर मेइबोमियन ग्लैंड्स होते हैं, जो एक खास तरह का तेल बनाते हैं. ये तेल आंसुओं को जल्दी सूखने से रोकता है और आंखों को हाइड्रेट करता है. जब काजल या आईलाइनर को सीधे वॉटरलाइन पर लगाया जाता है, तो इन ग्लैंड्स के पोर्स बंद हो जाते हैं. इससे आंखों में जलन, सूखापन और ड्राई आई जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं. इसके अलावा, पारंपरिक काजल या सुरमा खरीदते समय भी सावधानी बरतनी चाहिए. बिना क्वालिटी चेक वाले प्रोडक्ट्स में हानिकारक तत्व हो सकते हैं, जो आंखों को नुकसान पहुंचा सकते हैं.
ग्लिटर का इस्तेमाल करते समय रखें सावधानी
ग्लिटर आंखों के मेकअप को आकर्षक बनाता है, लेकिन हर प्रकार का ग्लिटर आंखों के आसपास लगाने के लिए सुरक्षित नहीं होता. एक्सपर्ट के अनुसार लूज ग्लिटर के कण आंख में चले जाएं तो कॉर्निया पर खरोंच पड़ सकती है. इससे आंखों में दर्द, लालिमा, पानी आना और रोशनी से परेशानी जैसी दिक्कतें हो सकती हैं. जो लोग कॉन्टैक्ट लेंस लगाते हैं, उन्हें खास सावधानी बरतनी चाहिए. ग्लिटर के छोटे कण लेंस के नीचे फंसकर आंखों को नुकसान पहुंचा सकते हैं. इसलिए हमेशा ऐसा ग्लिटर चुनें जिस पर साफ लिखा हो कि वो आंखों के लिए सुरक्षित है. क्राफ्ट या सजावट में इस्तेमाल होने वाले सामान्य ग्लिटर को आंखों के आसपास लगाने से बचना चाहिए.
यह भी पढ़ें: DIY Tan Removal Soap: टैनिंग हटाने के लिए क्या लगाना चाहिए? जानिए टैनिंग हटाने वाला साबुन घर पर कैसे बनाएं
मेकअप प्रोडक्ट शेयर करना पड़ सकता है भारी
मस्कारा, आईलाइनर या आंखों के मेकअप से जुड़ा कोई भी प्रोडक्ट किसी के साथ शेयर नहीं करना चाहिए. ऐसा करने से बैक्टीरिया और इंफेक्शन फैलने का खतरा बढ़ जाता है. साथ ही एक्सपायर हो चुके प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल भी नहीं करना चाहिए. एक्सपर्ट बताती हैं कि रोजाना इस्तेमाल होने वाले मस्कारा को लगभग तीन महीने बाद बदल देना चाहिए. अगर उसकी गंध, रंग या टेक्सचर में बदलाव दिखे, तो उसे तुरंत बदल देना बेहतर होता है.
कॉन्टैक्ट लेंस लगाने वालों के लिए जरूरी टिप्स
डॉक्टर दिव्या बताती हैं कि अगर आप कॉन्टैक्ट लेंस पहनते हैं, तो पहले लेंस लगाएं और उसके बाद मेकअप करें. वहीं मेकअप हटाते समय सबसे पहले लेंस निकालें और फिर मेकअप साफ करें. इससे मेकअप के कण आंखों में जाने या लेंस के नीचे फंसने की संभावना कम हो जाती है.
कब दिखाना चाहिए डॉक्टर को?
अगर मेकअप लगाने के बाद हल्की जलन हो रही है, तो मेकअप हटाने से राहत मिल सकती है. लेकिन आंखों में लगातार लालिमा, दर्द, किरकिरापन, ज्यादा पानी आना, रोशनी से परेशानी या धुंधला दिखाई देने जैसी समस्याएं हों, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. ऐसी स्थिति में तुरंत नेत्र रोग विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए.
यह भी पढ़ें: बालों के लिए भृंगराज का उपयोग कैसे करें? जानिए क्या है बालों के राजा भृंगराज के फायदे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं