How to use Bhringraj for Hairs: हर कोई घने, मजबूत और चमकदार बाल चाहता है. इसके लिए लोग तरह-तरह के उपाय भी अपनाते हैं. आयुर्वेद में भृंगराज को बालों की देखभाल के लिए सबसे खास जड़ी-बूटियों में से एक माना जाता है. यही वजह है कि इसे केशराज यानी बालों का राजा भी कहा जाता है. भृंगराज में आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम जैसे कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. आयुर्वेद के अनुसार ये जड़ी-बूटी बालों और स्कैल्प को पोषण देने में मदद करती है. साथ ही ये रूखापन, डैंड्रफ और बालों की जड़ों की कमजोरी जैसी समस्याओं से राहत दिलाने में मददगार मानी जाती है. लंबे समय से इसका उपयोग हर्बल हेयर ऑयल और पारंपरिक घरेलु नुस्खों में किया जाता रहा है. आइए जानते हैं इसके बालों के लिए फायदे और कैसे उपयोग करें.
1. बालों की ग्रोथ और झड़ने की समस्या में मददगार
भृंगराज तेल का सबसे बड़ा फायदा ये माना जाता है कि ये बालों की ग्रोथ को बढ़ावा देने और बाल झड़ने की समस्या को कम करने में मदद कर सकता हैॉ. आयुर्वेद में इसे बालों के लिए बेहद लाभकारी माना गया है. माना जाता है कि ये सिर की त्वचा में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर करने, बालों की जड़ों को पोषण देने और उन्हें मजबूत बनाने में मददगार होता है. नियमित रूप से भृंगराज तेल का इसतेमाल करने से बाल ज्यादा घने, मजबूत और हेल्दी बनते हैं.
2. समय से पहले बालों को सफेद होने से रोकता है
समय से पहले बालों के सफेद होने की समस्या को कम करने के लिए भृंगराज तेल बेहद फायदेमंद होता है. आयुर्वेद के अनुसार इसमें ऐसे गुण पाए जाते हैं जो बालों के नेचुरल कलर को बनाए रखने में मदद करता है. माना जाता है कि ये बालों में रंग देने वाले तत्व मेलेनिन के प्रोडक्शन को बढ़ावा देने में मददगार होता है.
3. डैंड्रफ से मिलता है छुटकारा
भृंगराज तेल में एंटीफंगल और एंटीबैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं जिसके कारण इसे डैंड्रफ और स्कैल्प से जुड़ी समस्याओं के लिए फायदेमंद माना जाता है. नियमित रूप से इसका इस्तेमाल करने से स्कैल्प को आराम मिलता है और खुजली-रूसी जैसी समस्याओं को कम करने में मदद मिलती है.
यह भी पढ़ें: ब्राइडल बॉडी पॉलिश कैसे बनाएं? घर पर बॉडी पॉलिशिंग करने का तरीका
बालों के लिए कैसे करें भृंगराज का उपयोग?
1. ताजे पत्तों का रस सीधे स्कैल्प पर लगाएं
भृंगराज के ताजे पत्तों को अच्छी तरह धोकर पीस लें और उनका रस निकाल लें. इसके बाद कॉटन या उंगलियों की मदद से इस रस को सीधे बालों की जड़ों और स्कैल्प पर लगाएं. इसे 2 से 3 घंटे तक लगा रहने दें और फिर सादे पानी या माइल्ड शैंपू से बाल धो लें.
2. भृंगराज का हेयर पैक बनाकर इस्तेमाल करें
आप ताजी पत्तियों का पेस्ट बना लें या 2 चम्मच भृंगराज पाउडर लें. अब इसमें दही, एलोवेरा जेल या थोड़ा नारियल तेल मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें. इस पैक को बालों की जड़ों से लेकर सिरों तक अच्छी तरह लगाएं और 30 से 45 मिनट तक छोड़ दें. इसके बाद साफ पानी से बाल धो लें. ये तरीका बालों और स्कैल्प की देखभाल के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है.
3. घर पर भृंगराज तेल तैयार करें
भृंगराज के ताजे पत्तों या कुटे हुए पौधे को नारियल, तिल या सरसों के तेल में धीमी आंच पर पकाएं. जब तेल का रंग हरा होने लगे और पौधे का अर्क उसमें अच्छी तरह मिल जाए, तो गैस बंद कर दें. तेल को ठंडा करके छान लें और बोतल में भरकर रख लें. इस्तेमाल के समय तेल को हल्का गुनगुना करें और 10 से 15 मिनट तक स्कैल्प की मालिश करें. इसे रातभर बालों में लगाकर रखें और सुबह शैंपू से धो लें.
क्या है भृंगराज पौधे की पहचान?
भृंगराज की पहचान इसके छोटे सफेद फूलों और बारीक बीजों से की जा सकती है. ये पौधा आमतौर पर जमीन के करीब फैलकर बढ़ता है और इसकी पत्तियां हरे रंग की और हल्की खुरदुरी होती हैं. देखने में साधारण लगने वाला ये पौधा आयुर्वेदिक परंपरा में खास महत्व रखता है.
यह भी पढ़ें: पुराने साबुन के टुकड़े फेंकने की बजाय बनाएं कोयले वाला साबुन, घर पर ऐसे तैयार करें चारकोल सोप
यह भी पढ़ें: DIY Tan Removal Soap: टैनिंग हटाने के लिए क्या लगाना चाहिए? जानिए टैनिंग हटाने वाला साबुन घर पर कैसे बनाएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं