दिवाली का त्योहार शुरू हो चुका है. लोगों ने अपने घर को सजाना भी शुरू कर दिया है. दिवाली पर घर के दरवाजे बंदनवार भी बांधा जाता है, जो बाजार में महंगा मिलता है. तोरण घर में सुख-समृद्धि और शुभ ऊर्जा का स्वागत करता है. अगर ये अपने हाथों से बनाया गया हो, तो इसकी खूबसूरती और भी बढ़ जाती है. इसे बनाने के लिए आपको महंगे सामान या किसी खास कला की जरूरत नहीं है. आप घर में मौजूद फूलों, कपड़ों, रंगीन कागज और दूसरी छोटी-छोटी चीजों की मदद से तोरण बना सकते हैं. चलिए आपको बताते हैं आसान और खूबसूरत हैंडमेड तोरण आइडियाज.
गेंदे के फूल और आम के पत्तों का तोरण
दिवाली पर सजावट के लिए ये सबसे आसान और पारंपरिक तोरण है. इसे बनाने के लिए पीले और नारंगी रंग के गेंदे के फूल और कुछ आम के पत्ते लें. एक मजबूत धागे में सुई की मदद से फूलों और पत्तों को बारी-बारी पिरोते जाएं. दरवाजे की चौड़ाई के अनुसार लंबाई पूरी होने पर दोनों सिरों पर फंदा बना दें, ताकि इसे आसानी से लटकाया जा सके.
पेपर और कार्डशीट से बनाएं तोरण
अगर आप ऐसा तोरण बनाना चाहते हैं जो पूरे त्योहार के मौसम में टिके रहे, तो रंगीन कागज या कार्डशीट एक अच्छा ऑप्शन है. इसके लिए रंग-बिरंगी कार्डशीट से फूल, पत्तियां, दीये या पारंपरिक डिजाइनों की आकृतियां काट लें. फिर इन्हें ग्लिटर, चमकीले सितारों, सीक्विन या गोल्डन रंग से सजाएं.
पुराने कपड़ों और लेस का तोरण
अगर आपके घर में पुरानी साड़ी, दुपट्टा या कढ़ाई वाले कपड़ों के टुकड़े पड़े हैं, तो उनसे एक खूबसूरत तोरण तैयार किया जा सकता है. सबसे पहले दरवाजे की चौड़ाई के अनुसार कपड़े की एक लंबी पट्टी काट लें. इसके बाद उस पर लेस, मिरर वर्क, मोती, झूमर और छोटी-छोटी घंटियां सिलकर या चिपकाकर सजाएं. इसमें लाल, पीले और हरे जैसे चमकीले रंगों के कपड़े से त्रिकोण या अर्धगोल आकार काटकर तोरण के निचले हिस्से में लगाएं. इसके साथ गोल्डन रिबन जोड़ने से तोरण और भी सुंदर दिखाई देगा.
ऊन के पोम-पोम और झूमर वाला तोरण
ये तोरण बनाना बहुत आसान है. इसे बनाने के लिए रंग-बिरंगी ऊन लें और उसे किसी कांटे या कार्डबोर्ड के टुकड़े पर कई बार लपेटें. बीच में धागे से कसकर बांध दें और दोनों तरफ के लूप काटकर उसे फुला लें. इससे सुंदर गोल पोम-पोम तैयार हो जाएंगे. दिवाली के रंगों जैसे लाल, पीले, हरे और नारंगी रंग के कई पोम-पोम बनाएं. फिर इन्हें एक लंबे धागे में पिरो दें. बीच-बीच में लकड़ी या सुनहरे रंग के मोती भी लगा सकते हैं, जिससे तोरण और अच्छा लगेगा.
पुराने अखबार का तोरण
पेपर रोल स्टिक तैयार करें. फिर उन्हें हल्का दबाकर फ्लैट करें. फिर एक मोटी स्टिक या पेन के चारों ओर लपेटकर गोल आकार के सर्कल बनाए गए. यही सर्कल बड़े और छोटे बीड्स बनाने में मदद करेंगे. बड़े बीड्स बनाने के लिए दो सर्कल की मदद ली और दोनों हिस्सों को आकार देकर फेविकॉल से चिपका दिया. उन्हें रंग-बिरंगी ऊन से सजाएं. बीड्स पर गोल्डन गोटा-पट्टी और सजावटी लेस लगाएं. इसके बाद बड़े और छोटे बीड्स को धागे में पिरोएं.
यह भी पढ़ें:- बालकनी को कैसे सजाएं? पुरानी बोतलों और कबाड़ से दें नया लुक, बिना खर्च के घर पर ही बनाएं रंग-बिरंगे फूल
यह भी पढ़ें:- सोने की अंगूठी साफ करने का तरीका? सोना काला हो जाए तो कैसे साफ करें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं