विज्ञापन

कोबरा सांप अगर सामने आ जाए, तो क्या करें? जानिए सुरक्षित रहने और खतरे से बचने के आसान टिप्स

अगर, अचानक आपके सामने कोबरा आ जाए, तो सबसे पहले घबराएं नहीं और कोई तेज हरकत करने से बचें. अचानक किया गया मूवमेंट सांप को खतरे का संकेत दे सकता है, जिससे वह हमला कर सकता है.

कोबरा सांप अगर सामने आ जाए, तो क्या करें? जानिए सुरक्षित रहने और खतरे से बचने के आसान टिप्स
सांप से बचने के उपाय
file photo

बारिश के मौसम में सांपों का दिखना बहुत बढ़ जाता है. कोबरा सांप हमारे देश में सबसे ज्यादा दिखने वाले जहरीले सांपों में से एक है. हर साल कई लोग इनके काटने से अपनी जान गंवा बैठते हैं. कोबरा बहुत खतरनाक होते हैं. ये फन फैलाकर और फुफकारते हुए दुश्मनों को डराते हैं. इनके जहर का असर शरीर में कुछ ही मिनटों में जानलेवा हो सकता है. सांप का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के मन में डर बैठ जाता है और अगर अचानक सामने फन फैलाए कोबरा दिखाई दे, तो घबराहट और भी बढ़ जाती है. ऐसी स्थिति में डरकर भागने या जल्दबाजी में कोई कदम उठाने से खतरा बढ़ सकता है. खासकर कोबरा के सामने उसे छेड़ना, पकड़ने की कोशिश करना या मारने के लिए आगे बढ़ना बिल्कुल सही नहीं है. ऐसे समय में खुद को शांत रखना और सांप से सुरक्षित दूरी बनाए रखना सबसे जरूरी है. अगर कभी अचानक आपके सामने कोबरा आ जाए, तो घबराने के बजाय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखें. आइए जानते हैं ऐसी स्थिति में क्या करना चाहिए और किन गलतियों से बचना चाहिए.

शांत रहें और अपनी जगह पर ही रुक जाएं

अगर, अचानक आपके सामने कोबरा आ जाए, तो सबसे पहले घबराएं नहीं और कोई तेज हरकत करने से बचें. अचानक किया गया मूवमेंट सांप को खतरे का संकेत दे सकता है, जिससे वह हमला कर सकता है. आमतौर पर कोबरा पहले यह समझने की कोशिश करता है कि सामने वाला उसके लिए खतरा है या नहीं. ऐसे में कुछ सेकंड तक शांत और स्थिर रहने से उसे एहसास हो सकता है कि आप उसे नुकसान पहुंचाने नहीं आए हैं. ध्यान रखें, कोबरा बिना वजह हमला नहीं करता, बल्कि तब हमला करता है जब उसे लगता है कि वह घिर गया है या उसे उकसाया जा रहा है.

आंखों में आंखें डालकर न देखें, धीरे-धीरे पीछे हटें

कोबरा की आंखों में लगातार घूरकर देखना उसे चुनौती या खतरे की तरह महसूस हो सकता है. इसलिए उसकी ओर देखते हुए भी नजरें सामान्य रखें और सीधे आंखों में देखने से बचें. साथ ही, धीरे-धीरे और बिना घबराए पीछे की ओर हटें ताकि आपके और सांप के बीच सुरक्षित दूरी बन सके. ध्यान रखें कि पूरी तरह पीठ न करें, क्योंकि पीछे हटते समय सांप की गतिविधियों पर नजर रखना जरूरी है. शांत तरीके से दूरी बनाना खुद को सुरक्षित रखने का सबसे अच्छा तरीका है.

सांप को निकलने का रास्ता दें

कोबरा आमतौर पर लड़ना नहीं चाहता, बल्कि मौका मिलने पर वहां से निकल जाना पसंद करता है. इसलिए अगर आपके सामने कोबरा आ जाए, तो उसे घेरने या उसके रास्ते में खड़े होने की गलती न करें. थोड़ा पीछे हटकर उसे खुला रास्ता दें, ताकि वह आसानी से वहां से जा सके. इससे सांप भी सुरक्षित रहेगा और आपको भी कोई नुकसान नहीं होगा.

हमेशा दूरी बनाए रखें

कोबरा अपने शरीर की लंबाई के लगभग एक-तिहाई हिस्से तक हमला कर सकता है. इसलिए उससे कम से कम 6 से 8 फीट या उससे अधिक दूरी बनाकर रखना बेहतर होता है. अगर उसने फन फैला रखा है, तो और ज्यादा सावधानी बरतें. अचानक दौड़ने या भागने के बजाय धीरे-धीरे पीछे हटें, क्योंकि तेज हरकत उसे उकसा सकती है.

मानसून में रखें खास सावधानी

बरसात के मौसम में सांप ज्यादा दिखाई देते हैं, क्योंकि पानी भरने के कारण वे अपने बिलों से बाहर निकल आते हैं. ऐसे समय में घर के आसपास की झाड़ियां, घास और कबाड़ साफ रखें और चलते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें. थोड़ी सी सतर्कता आपको किसी भी बड़े खतरे से बचा सकती है.

यह भी पढ़ें:- किचन और बाथरूम के नल पर जमे जिद्दी दाग, एल्युमिनियम फॉयल से मिनटों में लौटाएं नई जैसी चमक

यह भी पढ़ें:- गोह को भगाने का क्या तरीका है? घर से गोयरा भगाने के क्या घरेलू उपाय हैं?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Saap, Cobra Snake
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com