किचन या बाथरूम की सफाई चाहे कितनी भी अच्छी क्यों न कर लें, नलों पर जमे पानी के दाग और हल्के जंग के निशान उनकी चमक को कम ही कर देते हैं. अक्सर लोग नल को साफ करने के लिए महंगे क्लीनर का इस्तेमाल करते हैं, जिससे कुछ समय के लिए तो नल साफ दिखाई देते है, लेकिन फिर जिद्दी दाग दिखाई देने लगते हैं. अगर, आपके घर के नल भी पुराने और मैले दिखने लगे हैं, तो किचन में मौजूद साधारण सा एल्युमिनियम फॉयल आपकी इस परेशानी का आसान समाधान बन सकता है. चलिए आपको बताते हैं नल पर जमे जिद्दी दाग को हटाने के लिए एल्युमिनियम फॉयल का इस्तेमाल कैसे करें.
एल्युमिनियम फॉयल से नल साफ करने का तरीका
सबसे पहले एल्युमिनियम फॉयल का एक छोटा टुकड़ा लें और उसे हल्के हाथों से गोल आकार में मोड़ लें. फॉयल को बहुत ज्यादा दबाकर सख्त गेंद न बनाएं, क्योंकि इसके मुड़े हुए किनारे और उभरी हुई सतह ही सफाई करने में मदद करते हैं. अब इस फॉयल बॉल को साधारण पानी में हल्का सा भिगो लें. इसके बाद नल पर जमे दाग या फीके पड़ चुके हिस्सों पर इसे धीरे-धीरे रगड़ें. कुछ ही देर में पानी के दाग, हल्के जंग के निशान और गंदगी कम होती हुई नजर आने लगेगी. इसके बाद नल को साफ पानी से धो लें और कपड़े से पोंछ दें.
एल्युमिनियम फॉयल सफाई कैसे करता है?
एल्युमिनियम फॉयल से नल साफ करने के पीछे सिर्फ घरेलू नुस्खा नहीं, बल्कि थोड़ा विज्ञान भी काम करता है. अगर, नल पर हल्के जंग के निशान हैं, तो एल्युमिनियम और जंग के बीच एक खास रासायनिक प्रक्रिया होती है, जो जंग को ढीला करने और हटाने में मदद कर सकती है. वहीं, ज्यादातर घरों में दिखने वाले पानी के सफेद धब्बे और मिनरल जमा होने की परत पर इसका असर अलग तरीके से होता है. दरअसल, एल्युमिनियम फॉयल को मोड़ने पर उसकी सतह थोड़ी खुरदरी बन जाती है. यह खुरदरापन एक बहुत हल्के स्क्रबर की तरह काम करता है. जब इसे नल पर धीरे-धीरे रगड़ा जाता है, तो यह जमी हुई गंदगी, पानी के दाग और मिनरल की परत को हटाने में मदद करता है.
ज्यादा फायदे के लिए सिरके का इस्तेमाल करें
अगर, सिर्फ पानी से रगड़ने पर दाग पूरी तरह साफ नहीं हो रहे हैं, तो एल्युमिनियम फॉयल की गेंद को सफेद सिरके में हल्का सा डुबोकर इस्तेमाल करें. सिरके में मौजूद हल्की एसिडिक प्रकृति नलों पर जमे मिनरल डिपॉजिट, साबुन के दाग और पानी के निशानों को ढीला करने में मदद करती है. जब सिरके की सफाई करने की क्षमता और एल्युमिनियम फॉयल की हल्की रगड़ एक साथ काम करती हैं, तो जिद्दी दाग जल्दी हट सकते हैं.
यह भी पढ़ें:- नींबू, सिरके और यूकेलिप्टस से बनाएं घर का ऑर्गेनिक फ्लोर क्लीनर, मिनटों में होगा तैयार, चमचमा जाएगा फर्श
यह भी पढ़ें:- टाइल की लाइनों की गंदगी और दाग नेचुरली कैसे साफ करें, ये है 5 आसान तरीके, एकदम चमक उठेगी टाइल्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं