अपनी स्किन का ख्याल रखने और चेहरे पर निखार बढ़ाने के लिए लोग अलग-अलग तरीके अपनाते हैं. कोई इसके लिए महंगे-महंगे स्किन केयर प्रोडक्ट इस्तेमाल करता है, कुछ लोग नेचुरल चीजों की मदद से अपनी स्किन को बेहतर बनाने की कोशिश करते हैं. इन्हीं चीजों में से एक है बेसन. कई लोग अपने चेहरे पर बेसन से फेस पैक बनाकर लगाना पसंद करते हैं. बेसन को स्किन के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. लेकिन क्या वाकई चेहरे पर बेसन लगाने से कुछ फायदा होता है? इसे लेकर मशहूर डर्मेटोलॉजिस्ट अंकुर सरीन ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में स्किन के डॉक्टर ने बताया है कि चेहरे पर बेसन लगाने से क्या होता है और बेसन को सीधे स्किन पर लगाना चाहिए या नहीं. आइए जानते हैं एक्सपर्ट की राय-
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
वीडियो में डॉक्टर सरीन बताते हैं, बेसन में प्रोटीन, एसेंशियल अनसैचुरेटेड फैटी एसिड्स और कई तरह के विटामिन्स पाए जाते हैं. जैसे- राइबोफ्लेविन जिसे विटामिन बी2 भी कहा जाता है, नियासिनमाइड और बीटा कैरोटिनॉयड्स. ये सभी आपकी स्किन के लिए बेहद फायदेमंद हो सकते हैं.
इससे अलग चेहरे पर बेसन एक हल्के एक्सफोलिएंट की तरह काम करता है. ये त्वचा पर जमा मृत कोशिकाओं यानी डैड स्किन सेल्स को साफ करने में मदद करता है, जिससे आपकी स्किन ज्यादा साफ और ब्राइट नजर आ सकती है. ऐसे में आप चाहें, तो अपने चेहरे पर बेसन सीधे या इससे फेस पैक बनाकर भी लगा सकते हैं.
चेहरे पर बेसन कैसे लगाएं?डॉक्टर सरीन बताते हैं, बेसन से फेस पैक बनाने के लिए आधा चम्मच बेसन लें. इसमें थोड़ा पानी या दही मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें. अब, इस पेस्ट को चेहरे पर लगाएं और 10 से 15 मिनट तक रहने दें. इसके बाद नॉर्मल पानी से चेहरा धो लें.
इन बातों का रखें ध्यान- डर्मेटोलॉजिस्ट कहते हैं, बेसन कुछ हद तक स्किन को फायदा दे सकता है. लेकिन हर किसी की स्किन अलग होती है, इसलिए इसे सीधे चेहरे पर लगाने से पहले एक बार पैच टेस्ट जरूर कर लें. अगर बेसन लगाने पर आपको जलन या खुजली हो, तो इसका इस्तेमाल न करें.
- इसे हफ्ते में 1 से 2 बार लगाना काफी होता है. बार-बार लगाने से स्किन बेहद ड्राई फील हो सकती है.
- इन सब से अलग बेसन का फेस पैक हटाते समय चेहरे को जोर से रगड़ें नहीं, इससे त्वचा में जलन हो सकती है.
इन छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखकर आप घर पर बेसन का फेस पैक बनाकर चेहरे पर लगा सकते हैं.
यह भी पढ़ें- बालों में अंडा लगाने से क्या होता है? एक्सपर्ट से जानें बालों में अंडा कैसे और कितनी देर तक लगाएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं