घर में पौधे लगाना किसे पसंद नहीं होता? खासकर एलोवेरा एक ऐसा पौधा है, जिसे ज्यादातर लोग अपने घर की छत या बालकनी में जरूर लगाते हैं. इसकी देखभाल करना भी आसान माना जाता है, साथ ही एलोवेरा का इस्तेमाल लोग कई चीजों में करते हैं. कोई अपने बालों की शाइन बढ़ाने के लिए एलोवेरा जेल लगाना पसंद करता है, कोई चेहरे पर निखार बढ़ाने के लिए एलोवेरा जेल लगाता है. लेकिन कुछ लोगों की शिकायत होती है कि उनका एलोवेरा का पौधा बढ़ता नहीं है, पौधे पर ज्यादा पत्तियां नहीं आती हैं या एलोवेरा बार-बार सूख जाता है. अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. गार्डनिंग एक्सपर्ट अनु और वरुण ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने एलोवेरा की देखभाल से जुड़ी 5 जरूरी बातें बताई हैं. एक्सपर्ट कहते हैं कि इन 5 बातों पर ध्यान देकर आप अपने एलोवेरा के पौधे को सूखने से बचा सकते हैं और एलोवेरा को जल्दी बड़ा कर सकते हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-
एलोवेरा के पौधे में कितना पानी डालना चाहिए?
गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, एलोवेरा अपने पत्तों में पानी को स्टोर कर रखता है. इसलिए इस पौधे को बार-बार पानी देने की जरूरत नहीं होती है. रोज पानी डालने से एलोवेरा की जड़ें सड़ने लगती हैं. इसलिए एलोवेरा के पौधे में रोज पानी डालने से बचें. इससे अलग पौधे में केवल तभी पानी डालें, जब गमले की मिट्टी पूरी तरह सूख जाए.
एलोवेरा के पौधे की मिट्टी चेक करेंएक्सपर्ट कहते हैं, कई बार गमले की ऊपरी मिट्टी सूखी दिखती है, लेकिन अंदर से मिट्टी गीली होती है. इसलिए पौधे में पानी देने से पहले एक पतली लकड़ी को मिट्टी में डालकर देखें. अगर लकड़ी पर गीली मिट्टी चिपकती है, तो अभी पानी डालने की जरूरत नहीं है. अगर मिट्टी सूखी है, तो पौधे में पानी डाल सकते हैं.
छोटे बेबी प्लांट्स को तुरंत अलग न करेंएलोवेरा के पौधे के आसपास अक्सर छोटे-छोटे पौधे निकल आते हैं. इन्हें बेबी प्लांट्स कहा जाता है. गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, अगर आपको अपने पौधे पर इस तरह के बेबी प्लांट्स दिख रहे हैं, तो इन्हें छेड़ें नहीं, साथ ही इन्हें तुरंत दूसरे गमले में भी न लगाएं. छोटे पौधे नए गमले में ठीक से बढ़ नहीं पाते हैं. इसलिए बेबी प्लांट्स को थोड़ा बड़ा होने दें. जब उनकी अपनी जड़ें अच्छी तरह बन जाएं, तब उन्हें सावधानी से अलग करके दूसरे गमले में लगाया जा सकता है.
एलोवेरा के पौधे को कहां रखें?एक्सपर्ट बताते हैं, एलोवेरा को अच्छी रोशनी पसंद होती है. कई बार पर्याप्त रोशनी नहीं मिलने पर भी एलोवेरा का पौधा बढ़ता नहीं है. साथ ही बहुत तेज धूप में रखने पर भी एलोवेरा मुरझा जाता है. इसलिए एलोवेरा के पौधे को ऐसी जगह रखें, जहां अच्छी रोशनी आती हो. गर्मियों में दोपहर के समय जब तेज धूप हो, तब पौधे को उठाकर अंदर रख दें.
एलोवेरा के पौधे को कितने बड़े गमले में लगाएं?इन सब से अलग गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, अगर आपके एलोवेरा के पौधे पर ज्यादा पत्तियां नहीं आ रही हैं या एलोवेरा का पौधे घना नहीं हो रहा है, तो हो सकता है कि आपने इसे गलत गमले में लगाया हो. एलोवेरा के पौधे को बहुत बड़े गमले में नहीं लगाना चाहिए. एक्सपर्ट बताते हैं, बड़े गमले में ज्यादा मिट्टी होने के कारण पानी देर तक जमा रह सकता है, जिससे जड़ों के सड़ने का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए एलोवेरा के पौधे के लिए छोटे साइज का गमला चुनें. ऐसा गमला लें, जिसमें जड़ों को बढ़ने की जगह मिले और पानी आसानी से बाहर निकल सके.
इस तरह छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप अपने एलोवेरा के पौधे को बार-बार सूखने से बचा सकते हैं, पौधे को लंबे समय तक हरा-भरा रख सकते हैं और पौधे को जल्दी घना भी कर सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- कड़ी पत्ते के पौधे पर ज्यादा पत्ते कैसे लाएं? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया कड़ी पत्ते के पौधे को घना कैसे बनाएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं