किसी ट्रिप पर होटल का कमरा बुक करना अक्सर एक बहुत ज्यादा आसान फैसला लगता है. बस कीमत देखी, कुछ ऑप्शन्स को कंपेयर किया और बुकिंग कर दी. लेकिन सबसे कम कीमत से ये पता नहीं चलता कि आपका स्टे कैसा रहेगा. ऐसे में कम कीमत वाला कमरा अगर असुविधाजनक लोकेशन पर है, तो आने-जाने के लिए ज्यादा कैब लेनी पड़ सकती है. वहीं, बेहतर कनेक्टिविटी के लिए थोड़ी ज्यादा कीमत चुकाने पर समय और पैसे दोनों बच सकते हैं. यही बात साफ-सफाई, खाना, सर्विस और प्रॉपर्टी की क्वालिटी पर लागू होती है. इसी कड़ी में आज हम आपको कुछ चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं जिनका ध्यान होटल बुकिंग के दौरान जरूर रखना चाहिए. इसकी जानकारी OPO होटल्स एंड रिसोर्ट्स के फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर अमित कुमार सिंह ने दी है.
1. लोकेशन पर दें ध्यान
अच्छे होटल की शुरुआत अच्छी लोकेशन से होती है. अगर आप काम के सिलसिले में ट्रैवल कर रहे हैं, तो देखें कि प्रॉपर्टी आपकी मीटिंग या बिजनेस लोकेशन से कितनी दूर है. वहीं, छुट्टी के लिए ट्रैवल कर रहे हैं तो ये देखें कि उन जगहों तक पहुंचना कितना आसान है, जहां आप जाने वाले हैं. अगर आपकी फ्लाइट सुबह जल्दी है, तो कमरे की कीमत में मामूली अंतर से ज्यादा जरूरी एयरपोर्ट के पास होना हो सकता है. सही लोकेशन वाला होटल आपका समय बचा सकता है.
2. तस्वीरों के अलावा भी जानें
होटल की तस्वीरें आपको उसकी शक्ल-सूरत के बारे में बताती हैं. रिव्यू आपको एक्सपीरिएंस के बारे में बताते हैं. कुछ मिनट निकालकर हाल के गेस्ट के रिव्यू पढ़ें. हाउसकीपिंग, बाथरूम की साफ-सफाई, स्टाफ का व्यवहार, चेक-इन का एक्सपीरिएंस और कमेंट्स पर ध्यान दें. हालांकि, एक खराब रिव्यू से किसी प्रॉपर्टी को नहीं आंकना चाहिए. लेकिन बार-बार की गई शिकायत पर जरूर ध्यान दें.
3. असल में क्या-क्या फैसिलिटी मिल रही हैं
कमरे का किराया तभी मायने रखता है जब आपको पता हो कि उसमें क्या शामिल है. देखें कि ब्रेकफास्ट शामिल है या नहीं, Wi-Fi की सुविधा उपलब्ध है या नहीं. अगर आप गाड़ी से जा रहे हैं तो पार्किंग की सुविधा के बारे में भी पता करें. बिजनेस ट्रैवलर्स को मीटिंग स्पेस या काम करने के लिए सुविधाजनक जगहों को भी चेक करना चाहिए. परिवारों के लिए इन-हाउस रेस्टोरेंट या खाने के ऑप्शन्स देखना फायदेमंद हो सकता है.
4. सर्विस पर ध्यान दें
हॉस्पिटैलिटी छोटी-छोटी बातों में नजर आती है. होटल किसी रिक्वेस्ट पर कितनी जल्दी रिएक्शन देता है या मदद की जरूरत पड़ने पर फ्रंट डेस्क उपलब्ध है या नहीं, ये जरूरी है. लगातार अच्छी सर्विस देने वाला होटल आपको ज्यादा निश्चिंत रखता है.
यह भी पढ़ें: उल्टा घर, उल्टी गाड़ी, हवा में उड़ती साइकिल, खाना फ्री, दिल्ली से 2 घंटे दूर है यह अनोखा घर
यह भी पढ़ें: दिल्ली से बनाएं अल्मोड़ा का ये ट्रिप प्लान, यहां भगवान को चिट्ठी लिखते हैं लोग, जानें कैसे पहुंचें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं