How To Grow Vegetables In Buckets: हरी सब्जियों को सेहत का खजाना कहा जाता है. लेकिन आजकल बाजार में मिलने वाली सब्जियों में पेस्टिसाइड और केमिकल भर-भर का मिला होता है. ऐसे में 'किचन गार्डनिंग' का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है. लेकिन बेल वाली सब्जियां जैसे लौकी, तोरई और करेला उगाने के लिए लोगों को लगता है कि बहुत जगह चाहिए होगी. शहरों में रहने वाले लोगों की सबसे बड़ी समस्या है जगह की कमी. ताजी और केमिकल फ्री सब्जियां खाने का मन तो सबका होता है, लेकिन जब बात आती है उगाने की, तो लोग कहते हैं भाई, हमारे पास तो छत ही नहीं है या बालकनी बहुत छोटी है. अगर आप भी ऐसा ही सोचते हैं, तो यह आर्टिकल आपके लिए है. तो चलिए जानते हैं कम जगह पर सब्जियां कैसे उगाएं.
सब्जियां उगाने के लिए आपको क्या चाहिए-
सबसे पहले आपको चाहिए 20 लीटर वाली प्लास्टिक की बाल्टियां. पेंट होने के बाद जो बाल्टियां हम कबाड़ में फेंक देते हैं, वे सब्जी उगाने के लिए सबसे अच्छी होती हैं. बस ध्यान रहे कि बाल्टी के नीचे 3-4 छोटे छेद जरूर कर दें ताकि फालतू पानी बाहर निकल सके.
मिट्टी तैयार करने का आसान तरीका-
बाल्टी में आम मिट्टी न भरें, क्योंकि वह भारी हो जाती है. इसके लिए 50% सामान्य मिट्टी, 30% गोबर की खाद या वर्मीकम्पोस्ट और 20% कोकोपीट (नारियल का बुरादा) मिलाएं. इससे मिट्टी हल्की रहेगी और पौधों की जड़ें आसानी से फैलेंगी.

रस्सी का वर्टिकल सपोर्ट-
यही इस तरीके की सबसे खास बात है. चूंकि बाल्टी में जगह कम है, इसलिए बेल को जमीन पर फैलने देने के बजाय उसे ऊपर की तरफ ले जाएं. बाल्टी के पास दीवार पर या किसी पाइप के सहारे मजबूत रस्सी बांधें. बेल जैसे ही 1-2 फीट की हो जाए, उसे प्यार से रस्सी पर लपेट दें. इससे बेल ऊपर की ओर बढ़ेगी और उसे भरपूर धूप मिलेगी. रस्सी के सहारे लटकी हुई लौकी या तोरई बिल्कुल सीधी और साफ निकलती है.
कौन सी सब्जियां हैं बेस्ट?
बाल्टी में उगाने के लिए लौकी, तोरई, करेला, और सेम की फली सबसे अच्छी मानी जाती हैं. इनके बीज आप किसी भी बीज भंडार से ले सकते हैं. एक बाल्टी में सिर्फ एक या दो पौधे ही लगाएं ताकि उन्हें पूरा पोषण मिल सके.
किन बातों का रखें ध्यान-
धूप- बेल वाली सब्जियों को कम से कम 5-6 घंटे की अच्छी धूप चाहिए होती है.
पानी- गर्मी के मौसम में सुबह-शाम पानी दें, लेकिन बाल्टी में कीचड़ न होने दें.
खाद- हर 15-20 दिन में एक मुट्ठी खाद जरूर डालें.
ये भी पढ़ें- केमिकल वाले केले की पहचान कैसे करें? ये 10 सेकंड का फॉर्मूला जान लीजिए, ठेले वाले भी नहीं बता पाएंगे
कैसे करें असली और नकली आम की पहचान? (How to identify if the mango is naturally or artificially ripened?)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं