Agniveer bharti rally : भारतीय सेना अग्निपथ योजना के तहत 21 से 28 सितंबर तक कोलकाता के संतोषपुर स्थित किशोर भारती क्रीड़ांगन में अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित करेगी. यह रैली भारतीय सेना में शामिल होने के इच्छुक योग्य और शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों के लिए भर्ती प्रक्रिया का एक अहम हिस्सा होगी.
कहां-कहां के उम्मीदवार हैं शॉर्टलिस्टकोलकाता रैली में कोलकाता, हावड़ा, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झारग्राम के शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवार हिस्सा लेंगे. इस रैली में पश्चिम बंगाल, ओडिशा और सिक्किम की शॉर्टलिस्ट की गई अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) महिला मिलिट्री पुलिस (डब्ल्यूएमपी) उम्मीदवार भी शामिल होंगी. तीनों राज्यों की डब्ल्यूएमपी उम्मीदवारों के लिए कोलकाता ही रैली स्थल होगा.
क्या है अग्निपथ योजनाअग्निपथ योजना के तहत चुने गए उम्मीदवारों को चार साल की अवधि के लिए सशस्त्र बलों में अग्निवीर के तौर पर शामिल किया जाता है. अपने कार्यकाल के दौरान वे एक व्यवस्थित सैन्य प्रशिक्षण से गुजरते हैं और पेशेवर अनुभव हासिल करते हैं, साथ ही अनुशासन, शारीरिक फिटनेस, नेतृत्व, टीम वर्क, साहस और तकनीकी दक्षता जैसे गुण विकसित करते हैं. यह योजना एक कस्टमाइज्ड फाइनेंशियल पैकेज, लागू भत्ते और बीमा लाभ भी प्रदान करती है.
25 प्रतिशत को मिलता है रेगुलर कैडरचार साल का कार्यकाल पूरा होने पर अग्निवीरों को सशस्त्र बलों के रेगुलर कैडर में शामिल होने के लिए आवेदन करने का मौका दिया जाता है. संगठन की जरूरतों, लागू नीतियों और तय चयन मानदंडों (जिसमें सेवा अवधि के दौरान का प्रदर्शन भी शामिल है) के आधार पर, हर बैच के 25 प्रतिशत तक उम्मीदवारों को रेगुलर कैडर में शामिल किया जा सकता है.
चार साल के कार्यकाल के दौरान हासिल सैन्य प्रशिक्षण, पेशेवर अनुभव और मान्यता प्राप्त कौशल का मेल, सेवा पूरी होने के बाद अग्निवीर की रोजगार क्षमता और भविष्य की संभावनाओं को बेहतर बनाता है. सशस्त्र बलों में मिला अनुभव उन्हें अनुशासन, जिम्मेदारी, अनुकूलन क्षमता और टीम वर्क जैसे गुणों से भी लैस करता है, जिनकी कई तरह के पेशों में बहुत अहमियत है.
यह भी पढ़ें-जेल वार्डर से पुलिस भर्ती तक, पूर्व अग्निवीरों को कहां-कहां मिलेगा 20% आरक्षण?
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं