विज्ञापन
This Article is From Jun 12, 2025

अहमदाबाद प्लेन हादसे में पूर्व सीएम विजय रूपाणी का निधन, केंद्रीय मंत्री ने किया कंफर्म

विजय रूपाणी 7 अगस्त 2016 को गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे. 2017 में BJP ने गुजरात में चुनाव जीता और दोबारा उन्हें मुख्यमंत्री बनाया गया था.

अहमदाबाद से लंदन गैटविक जाने वाली एयर इंडिय की फ्लाइट AI171 हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मौत हो गई. वो इस विमान से लंदन जा रहे थे. केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने विजय रूपाणी की मौत को कंफर्म किया है. इस विमान में चालक दल सहित कुल 242 लोग सवार थे.    

कौन थे विजय रूपाणी

पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का जन्म 2 अगस्त 1956 को म्यांमार के येनगोन में हुआ था. उनकी मां का नाम मायाबेन और पिता रमनीकलाल रूपाणी है. 7 भाई-बहनों में विजय सबसे छोटे हैं. 1960 में म्यांमार में राजनीतिक उथल-पुथल के चलते उनका परिवार राजकोट आकर बस गया था. गुजरात की ही सौराष्ट्र यूनिवर्सिटी से विजय रूपाणी ने BA और LLB की पढ़ाई की. BJP की महिला विंग की सदस्य अंजली से उन्होंने शादी की. उनका एक बेटा इंजीनियर है और एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है. उनके दूसरे बेटे की कार दुर्घटना में मौत हो चुकी है.

अहमदाबाद प्लेन हादसे के बाद हेल्पलाइन नंबर जारी, यहां जान सकते हैं परिजनों का हाल

विजय रूपाणी गुजरात के 16वें मुख्यमंत्री बने थे. साल 2016 से 2021 के बीच उन्होंने यह पद संभाला था. वो भारतीय जनता पार्टी के लिए गुजरात के राजकोट वेस्ट से विधायक रहे. इसके अलावा वो BJP की ओर से राज्यसभा सांसद भी रह चुके हैं.

विजय रूपाणी पढ़ाई के दौरान ही बीजेपी के छात्र संगठन एबीवीपी से जुड़ गए थे. 1971 में उनका नाता संघ से हुआ. BJP के बनने के समय से ही पार्टी से जुड़े रहे.  1976 की इमरजेंसी के दौरान 11 महीने जेल में रहे. 1996 से 1997 के बीच राजकोट के मेयर रहे. 1998 में BJP की गुजरात यूनिट के सेक्रेटरी बनाए गए. 2006 में गुजरात टूरिज्म के चेयरमैन बने. 2006 से 2012 के बीच राज्यसभा मेंबर बने. 2013 में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के दौरान गुजरात म्यूनिसिपल फाइनेंस बोर्ड के चेयरमैन रहे. 2014 में राजकोट वेस्ट से विधायक का चुनाव जीता. 2014 में आनंदीबेन पटेल की सरकार के दौरान ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर बनाए गए. 2016 में गुजरात BJP के अध्यक्ष बने. 7 अगस्त 2016 को गुजरात के मुख्यमंत्री बने. 2017 में BJP ने गुजरात में चुनाव जीता और रूपाणी को वापस मुख्यमंत्री बनाया गया.

लंदन क्यों जा रहे थे विजय रूपाणी

बताया जा रहा है कि रूपाणी की पत्‍नी अंजलि रूपाणी लंदन में हैं और माना जा रहा है कि पूर्व सीएम उन्‍हें वापस लाने के लिए ही रवाना हुए थे. पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह चूड़ासमा ने बताया कि गुजरात विद्यापीठ में उनका एक प्रोग्राम था. वहां से लौटने के बाद जब वह लंच कर रहे थे तो उसी समय उन्‍होंने मैंने टीवी ऑन किया. इसी दौरान उन्‍हें अहमदाबाद से लंदन जाने वाली फ्लाइट के क्रैश होने की खबर मिली. वह परेशान हो गए क्‍योंकि वह जानते थे कि रूपाणी इसी फ्लाइट से लंदन रवाना होने वाले थे. हालांकि उन्‍हें नहीं मालूम था कि वह इस फ्लाइट में हैं. उन्‍होंने तुरंत टीवी ऑफ किया और गांधीनगर में उनके घर पहुंच गए. रूपाणी का सीट नंबर 2D बताया जा रहा है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vijay Rupani, Vijay Rupani Plane Crash, Ahmedabad Plane Crash, Air India Plane Accident, Air India Plane Crash Today
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com