विज्ञापन

सीएम योगी ने किया अलर्ट तो 'मिशन 25 हजार' में जुटी भाजपा, हर बूथ पर वोटर जोड़ने की प्लानिंग

भाजपा का मानना है कि 40 से 80 लाख तक नाम भी वापस जुड़ जाते हैं उसके लिए यह पर्याप्त होगा. सीएम योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं पर भी फोकस करने को कहा.

सीएम योगी ने किया अलर्ट तो 'मिशन 25 हजार' में जुटी भाजपा, हर बूथ पर वोटर जोड़ने की प्लानिंग
  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 1.27 करोड़ हिंदू वोटर वोटर लिस्ट से कट गए हैं
  • भाजपा ने नाम मतदाता जोड़ो अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है जो 19 नवंबर से लागू होगा
  • हर विधानसभा में करीब 25 हजार वोटरों को जोड़ा जाएगा, जिससे कुल 40 से 80 लाख नाम वापस जुड़ सकते हैं
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों कहा था कि 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम वोटर लिस्ट से कट गए हैं. उनका कहना था कि आखिर हिंदू वोटरों की संख्या कम कैसे हो गई है. उनकी इस टिप्पणी के बाद भाजपा सक्रिय हो गई है. पार्टी की गुरुवार को SIR को लेकर मीटिंग थी, जिसमें फैसला लिया गया कि हर विधानसभा में संगठन जुटेगा. बूथ स्तर पर कार्यकर्ता जुटेंगे और हर बूथ पर कम से कम 50 ऐसे पात्र वोटरों के नाम जोड़े जाएंगे, जो छूट गए हैं. इसके लिए भाजपा की ओर से अभियान ही शुरू किया जाएगा. इसकी शुरुआत 19 नवंबर से होगी और नाम 'मतदाता जोड़ो अभियान' रखा गया है. 

हर विधानसभा के स्तर पर करीब 25 हजार वोटरों को जोड़ा जाएगा. सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी इसके लिए आह्वान किया और उनका कहना था कि इलेक्टोरल प्रॉसेस में हिस्सेदारी करना हमारा संवैधानिक दायित्व है. हमें कोशिश करनी होगी कि भाजपा के समर्थक वर्ग के लोगों के नाम वोटर लिस्ट से छूटें नहीं. उन्होंने कहा कि फॉर्म 6, 7 और 8 का अच्छे से इस्तेमाल हो और उनके माध्यम से पात्र मतदाता जोड़े जाएं. अपात्रों को हटवाया जाए. भाजपा सूत्रों का कहना है कि यदि हर विधानसभा में 10 से 25 हजार तक छूटे वोटरों को जोड़ लिया जाए तो इसका फायदा मिलेगा. 

भाजपा का मानना है कि 40 से 80 लाख तक नाम भी वापस जुड़ जाते हैं उसके लिए यह पर्याप्त होगा. सीएम योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं पर भी फोकस करने को कहा. उनका कहना था कि शादी के बाद बहुत सी महिलाओं का नाम अपने मायके में कट जाता है, लेकिन ससुराल में नहीं जुड़ पाता. ऐसी महिलाओं के नामों को प्राथमिकता के आधार पर वोटर लिस्ट में जुड़वाया जाए. इसके अलावा 1 जनवरी को 18 साल की आयु पूरी करने वाले लोगों के नामों को भी जुड़वाने की बात उन्होंने कही. सीएम की ओर से चिंता जाहिर करने के बाद भाजपा का संगठन अब सक्रिय हो गया है. यही वजह थी कि जिला स्तर से लेकर बूथ तक एक्टिव किया जा रहा है. 

प्रवासी मतदाताओं को भी जोड़ने पर सीएम योगी का फोकस

प्रवासी मतदाताओं पर भी सीएम योगी ने फोकस बढ़ाने को कहा है. उन्होंने कहा कि यूपी की अलग-अलग विधानसभाओं के लोग नोएडा या दिल्ली में नौकरी करते हैं. उनका वोट कई बार गांव से कट जाता है और शहर में जुड़ता भी नहीं हैं. ऐसे में उनके परिवारों से संपर्क किया जाए और सभी के वोटों को जुड़वाया जाए. इसके अलावा संदिग्ध नामों की भी पड़ताल करने को सीएम ने कहा है. उनका कहना है कि जहां भी कोई संदिग्ध नाम दिखे, उसके बारे में चुनाव आयोग को अलर्ट किया जाए. बीएलओ को इसके बारे में जानकारी दी जाए.

भाजपा की 17 नवंबर को मथुरा में होगी अहम बैठक

इस बीच भाजपा की चुनाव रणनीति को लेकर 17 नवंबर को एक अहम बैठक होने वाली है. इस मीटिंग में विधानसभा चुनाव को लेकर बात होगी. इसमें सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रभारी विनोद तावड़े, पंकज चौधरी और राज्य के कई मंत्री शामिल रहेंगे. संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी इस बैठक में रहेंगे. वह गुरुवार को ही दिल्ली भी गए थे और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष से मुलाकात की थी. इस मीटिंग के बाद वह लखनऊ पहुंचे हैं. माना जा रहा है कि चुनावी रणनीति और संगठ के मसलों पर बात करने के लिए वह दिल्ली पहुंचे थे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Yogi Adityanath, Yogi Adityanath News, Yogi Adityanath News Today, Yogi Adityanath News Update, India News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com