वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम की तरह गुजरात में सोमनाथ मंदिर का कायाकल्प किया जा रहा है. करीब 200 करोड़ की लागत से सोमनाथ कॉरिडोर प्रोजेक्ट में मंदिर के गलियारे को भव्य बनाने के साथ कई बड़े काम हो रहे हैं. गीर सोमनाथ जिले में मां पार्वती जी का नया मंदिर भी 30 करोड़ के खर्च से बनाया जा रहा है. सोमनाथ कॉरिडोर के लिए सोमवार को बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण अभियान भी चलाया गया. इसमें होटल,घरों समेत 72 संपत्तियों को हटाया गया, ताकि सोमनाथ महादेव मंदिर के पास 27 हजार वर्ग मीटर जमीन अधिग्रहीत की जा सके.
सोमनाथ मंदिर के लिए गलियारा
प्रोजेक्ट में अरब सागर किनारे सोमनाथ समुद्र तटीय प्रॉमनेड (गलियारा) की लागत 47 करोड़ है, जो भक्तों के लिए मंदिर तक पहुंचने का चौड़ा गलियारा होगा.सोमनाथ मंदिर के तीर्थयात्रियों के लिए ठहरने का 45 करोड़ का बजट है. 50 करोड़ का तीर्थयात्री प्लाजा भी बनेगा. इंदौर की महान मराठा शासक महारानी अहिल्याबाई होलकर के प्राचीन जूना सोमनाथ मंदिर परिसर का पूर्ण जीर्णोद्धार भी किया गया है. पुराना सोमनाथ मंदिर (अहिल्याबाई मंदिर) के जीर्णोद्धार पर सोमनाथ ट्रस्ट 4 करोड़ खर्च कर रहा है. सोमनाथ कॉरिडोर प्रोजेक्ट से गुजरात के वेरावल प्रभात पाटन में पहले ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ के मंदिर परिसर के बुनियादी ढांचे में आमूलचूल बदलाव हो रहा है.

Somnath Mandir
देश का अनोखा समुद्र किनारे गलियारा
सोमनाथ मंदिर में 1.5 किलोमीटर लंबा वॉकवे होगा. त्रिवेणी संगम (हिरण, कपिला और सरस्वती नदियों का संगम) से सागर दर्शन गेस्ट हाउस तक 1.5 किमी लंबा भव्य कॉरिडोर बना है. यह समुद्र की तेज लहरों से मंदिर की जमीन को कटाव से बचाने की सुरक्षा दीवार का काम करेगी. सोमनाथ मंदिर का इतिहास दिखाने के लिए एक अत्याधुनिक प्रदर्शन केंद्र भी बना है. इसमें पुराने खंडित सोमनाथ मंदिर की नक्काशीदार शिलाएं, प्राचीन मूर्तियां और नागर शैली के अवशेषों को सहेजकर रखा गया है. सोमनाथ मंदिर के इतिहास के लिए 3D शो को 10 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं. मंदिर से पवित्र सोमगंगा जल को डिब्बाबंद कर सवा लाख से अधिक परिवारों तक पहुंचाया गया है.
सोमनाथ मंदिर के करीब अनोखा जंगल
सोमनाथ मंदिर के पास करीब 7200 पेड़ों वाला एक घना मियावाकी जंगल बसाया गया है.यह हर साल करीब एक लाख किलो कार्बन डाइऑक्साइड सोखता है. मंदिर में हर महीने लगभग 30 लाख लीटर अपशिष्ट जल का शोधन होता है.प्लास्टिक कचरे को रिसाइकल कर पत्थर निर्माण हो रहा है.मां पार्वती मंदिर में एक गर्भगृह और नृत्य मंडप भी बन रहा है.

ये भी पढ़ें - सोमनाथ से दिल्ली 14 घंटे में, 680 KM का एक्सप्रेसवे गुजरात को 6 राज्यों से जोड़ेगा
सालाना दर्शनार्थियों की संख्या एक करोड़ के करीब
सोमनाथ को केंद्र के पर्यटन मंत्रालय ने देश के 17 प्रतिष्ठित पर्यटन स्थलों में एक चुना है. मंदिर का भव्य प्रवेश द्वार बना है. वीआईपी और आम श्रद्धालुओं की सुरक्षा जांच के लिए विशाल प्लाजा बनाया जा रहा है. केंद्र सरकार की प्रसाद योजना के तहत ये कायाकल्प हो रहा है. सोमनाथ मंदिर में सालाना श्रद्धालुओं की संख्या करीब एक करोड़ तक पहुंच गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमनाथ मंदिर पुनर्स्थापना के 75 साल होने पर मई 2026 में सोमनाथ अमृत महोत्सव में हिस्सा लिया था. उन्होंने कई प्रोजेक्ट का शिलान्यास और उद्घाटन किया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं