- अमृतसर में 12वीं की छात्रा अमजोत कौर ने स्कूल फीस के दबाव के कारण जहर खा लिया और अस्पताल में उसकी मौत हो गई
- परिवार का आरोप है कि स्कूल फीस के करीब बीस हजार रुपये जमा करने के लिए लगातार अमजोत पर दबाव बनाया जा रहा था
- पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी
अमृतसर में स्कूल फीस के दबाव से परेशान 12वीं की एक छात्रा ने जहर खा लिया. हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग उसे अस्पताल ले गए. मगर इलाज के दौरान आज उसकी मौत हो गई. मरने से पहले छात्रा ने अस्पताल में एक वीडियो भी बनाया था, जिसमें उसने कहा कि उसे फीस के लिए बहुत मेंटल टॉर्चर किया गया. इसके लिए प्रिंसिपल उसे अलग कमरे में भी लेकर गई थी. इससे वह परेशान थी, इसलिए उसने यह कदम उठाया है.
वीडियो में क्या बताया
छात्रा ने अपनी उम्र 17 वर्ष और नाम अमजोत कौर बताया है. वो अमृतसर में 88 फीट रोड क्षेत्र की रहने वाली थी. छात्रा अपनी मौसी सरबजीत कौर के पास रहकर पढ़ाई कर रही थी. वीडियो में छात्रा आईसीयू में रोते हुए बताती है, '11 मई को मुझे स्कूल बुलाया गया था, जहां मुझे काफी मेंटली टॉर्चर किया गया. मुझे क्लास के ग्रुप से भी हटा दिया गया था. मेरी मौजूदा हालत के लिए स्कूल प्रबंधन जिम्मेदार है. मैं जिंदगी के लिए मौत से लड़ रही हूं. मुझे नहीं पता हैं बचूंगी या नहीं. पर मुझे इंसाफ मिलना चाहिए.' बच्ची की वीडियो देखकर रोना आ जाता है.

अस्पताल में अमजोत ने कुछ इस तरह रोते हुए अपने साथ हुए टॉर्चर की कहानी बताई.
20 हजार रुपये जमा करने का दबाव
परिवार के अनुसार, अमजोत की स्कूल फीस के करीब 20 हजार रुपये बकाया थे. उनका आरोप है कि फीस जमा करवाने के लिए स्कूल प्रबंधन की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा था. छात्रा की मौसी सरबजीत कौर ने बताया कि डीडीआईएस स्कूल फतेहगढ़ चूड़ियां रोड की प्रिंसिपल शबनम शर्मा और क्लास टीचर आकांक्षा शर्मा फीस को लेकर बार-बार अमजोत पर दबाव डाल रही थीं. उनका कहना है कि इसी मानसिक दबाव के चलते अमजोत ने जहरीला पदार्थ निगल लिया. हालांकि, इस मामले में अभी स्कूल की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है.

अमजोत कौर कभी इस तरह चहकती रहती थी, मगर स्कूल ने उसे हमेशा के लिए शांत कर दिया.
मामले की जांच कर रही पुलिस
घटना के बाद छात्रा को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था. शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाना है. चौकी विजय नगर पुलिस ने परिजन के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें-
39 साल जिस देश में रहे उसने एक सप्ताह की छुट्टी के बाद नागरिक मानने से किया इनकार
| Helplines | |
|---|---|
| Vandrevala Foundation for Mental Health | 9999666555 or help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (Monday-Saturday: 8 am to 10 pm) |
| (If you need support or know someone who does, please reach out to your nearest mental health specialist.) | |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं