कर्नाटक के हावेरी केंद्रीय बस स्टैंड पर बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया. जब तेज रफ्तार परिवहन बस प्लेटफॉर्म पर खड़े यात्रियों को कुचलते हुए अंदर घुस गई. इस हादसे में दो साल के मासूम बच्चे सहित चार लोग घायल हो गए. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
बस का इंतजार कर रहे थे लोग, तभी हुआ एक्सीडेंट
हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ, जब यात्री प्लेटफॉर्म पर खड़े होकर आने वाली बस की गंतव्य जानकारी देख रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हावेरी से लक्ष्मेश्वर जा रही एक नॉन‑स्टॉप बस तेज रफ्तार में बस स्टैंड में दाखिल हुई और ड्राइवर का कंट्रोल बिगड़ गया.
यह भी पढ़ें- देश में घरों में कितनी 'चिरैया', 100 में 6 महिलाएं झेलती हैं पति की यौन हिंसा
घायल होने वालों में हजरत अली (2 वर्ष) निवासी सावनूर शामिल है, जिसे घुटने में गंभीर चोट आई है. प्राथमिक इलाज के बाद बच्चे को बेहतर उपचार के लिए हुबली स्थित किम्स अस्पताल रेफर किया गया है. चिकित्सकों के अनुसार, उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
इसके अलावा वासुदेव (44), हर्षा (6) और कव्यांजलि (39) तीनों बनकापुर के निवासी भी हादसे में घायल हुए हैं. सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
बस स्टैंड पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद बस स्टैंड पर अफरा‑तफरी मच गई. मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. पीड़ितों के परिजनों ने घटना को लेकर गहरा आक्रोश जताया और बस स्टैंड की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए.
यह भी पढ़ें- जिस फाइल की जांच का मिला जिम्मा, उसी के लिए मांग लिए 4 लाख, MCD डीसी के रिश्वतकांड की पूरी कहानी
हादसे के बाद फरार हुआ ड्राइवर
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया. हावेरी टाउन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसा चालक की लापरवाही से हुआ या फिर किसी तकनीकी खामी के कारण. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और बस की तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं