विज्ञापन
This Article is From Dec 27, 2017

'आपका बेटा कातिल है' - कुलभूषण जाधव की मां और पत्नी को पाक मीडिया ने किया परेशान

पाकिस्तान में मौत की सज़ा पाए भारत के पूर्व नौसेनाधिकारी कुलभूषण जाधव से मिलने पहुंचीं उनकी मां तथा पत्नी को पाकिस्तानी पत्रकारों की ओर से ज़ुबानी हमले झेलने पड़े और उन्हें बेहद अटपटे सवाल पूछकर उन्हें परेशान किया गया.

'आपका बेटा कातिल है' - कुलभूषण जाधव की मां और पत्नी को पाक मीडिया ने किया परेशान
कुलभूषण जाधव की मां और पत्नी को पाक मीडिया ने किया परेशान (फाइल फोटो)
  • जाधव की मां तथा पत्नी को पाक पत्रकारों की ओर से ज़ुबानी हमले झेलने पड़े
  • पाक पत्रकारों ने उनसे बेहद अटपटे सवाल पूछकर उन्हें परेशान किया गया.
  • शीशे की दीवार के पीछे 45 मिनट हुई थी जाधव की परिवार से मुलाकात
नई दिल्ली:

पाकिस्तान में मौत की सज़ा पाए भारत के पूर्व नौसेनाधिकारी कुलभूषण जाधव से मिलने पहुंचीं उनकी मां तथा पत्नी को पाकिस्तानी पत्रकारों की ओर से ज़ुबानी हमले झेलने पड़े और उन्हें बेहद अटपटे सवाल पूछकर उन्हें परेशान किया गया.

मुलाकात से पहले कुलभूषण जाधव की पत्‍नी का मंगलसूत्र और चूड़ियां तक उतरवा ली पाकिस्‍तान ने- 10 बड़ी बातें

इस्लामाबाद में कुलभूषण जाधव से मिलने के बाद उनकी पत्नी चेतनकुल जाधव से बातचीत के दौरान एक पत्रकार ने पूछा, "आपके पतिदेव ने हज़ारों बेगुनाह पाकिस्तानियों के खून से होली खेली, इस पर क्या कहेंगी...?" कुलभूषण जाधव की मां अवंती जाधव से सवाल किया गया, "आपके क्या जज़्बात हैं अपने कातिल बेटे से मिलने के बाद...?"

शीशे की दीवार के पीछे से हुई 45 मिनट की मुलाकात के बाद पाकिस्तानी विदेश कार्यालय के बाहर खड़ीं अपनी कार का इंतज़ार कर रहीं दोनों महिलाओं को पत्रकारों ने घेर लिया था. एक फुटेज में उन्हें पाकिस्तानी मीडिया की तरफ से मुंह फेरकर वापस भीतर की ओर जाते देखा गया. फुटेज में भारतीय उप-उच्चायुक्त जेपी सिंह को भी निराशा में हाथ झटकते देखा जा सकता है.

पाक ने कहा-यह परिजनों की अंतिम मुलाकात नहीं, साल्‍वे बोले-जाधव की मानसिक हालत ठीक नहीं

जाधव परिवार से किए गए सलूक से गुस्साए भारत ने पाकिस्तान की कड़ी निंदा की है. भारत ने आरोप लगाया है कि दोनों महिलाओं को कपड़े बदलने पर विवश किया गया, और उनके मंगलसूत्र, बिन्दी तथा चूड़ियां भी उतरवा ली गईं. सरकार ने पाकिस्तानियों पर यह भी आरोप लगाया है कि उन्होंने चेतनकुल जाधव के जूते भी नहीं लौटाए, जो सुरक्षा कारणों से उतरवाए गए थे.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा, "पाकिस्तानी प्रेस को कई मौकों पर परिवार के काफी पास पहुंचने, उन्हें परेशान करने, धमकाने जैसे अदाज़ में बात करने तथा (कुलभूषण) जाधव के बारे में झूठे सवाल करने की इजाज़त दी गई..."

VIDEO: किरण रिजीजू ने कहा, दुष्टता के लिए जाना जाता है पाक

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan Media, Pakistan Media Harassed, Kulbhushan Jadhav, Kulbhushan Jadhav Mother, Kulbhushan Jadhav Mother Wife
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com