विज्ञापन

NCP का विलय होना तय? शरद पवार से दो दिन में दो बार मिले पार्थ, पार्टी ने अटकलों पर दिया जवाब 

दिवंगत अजीत पवार के बेटे पार्थ पवार ने दो दिनों में दो बार NCP (शरद पवार) के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की है. महाराष्ट्र के सियासी गलियारे में सरगर्मी है कि दोनों पार्टियों के विलय की बात आगे बढ़ गई है लेकिन इसपर NCP का क्या कहना है?

NCP का विलय होना तय? शरद पवार से दो दिन में दो बार मिले पार्थ, पार्टी ने अटकलों पर दिया जवाब 
शरद पवार से दो दिन में दो बार मिले पार्थ पवार (फाइल फोटो)

महाराष्ट्र का सियासी गलियारा आजकल इन अटकलों के साथ सरगर्म है कि क्या NCP के दोनों धड़ों का विलय तय हो गया है. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के महासचिव पार्थ पवार ने रविवार को NCP (शरद पवार) पार्टी के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की. शरद पवार को सीने और सांस के संक्रमण के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से एक दिन पहले ही उन्हें छुट्टी मिली है. पिछले 48 घंटों में शरद पवार के आवास पर पार्थ पवार की उनके साथ यह दूसरी मुलाकात थी.

दिवंगत अजीत पवार के बेटे पार्थ पवार ने शनिवार को भी दक्षिण मुंबई स्थित शरद पवार के आवास 'सिल्वर ओक' पर उनसे मुलाकात की थी. इस मुलाकात ने उन अटकलों को और हवा दे दी है कि एनसीपी का गुट विलय की बातचीत को फिर से शुरू करने की कोशिश कर रहा है. पार्थ ने रविवार को शरद पवार के साथ लगभग दो घंटे तक चर्चा की. इससे पहले शनिवार को भी इन दोनों के बीच लगभग दो घंटे तक बातचीत हुई थी.

विलय की बात पर पार्टी क्या कह रही?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार NCP ने साफ किया कि पवार परिवार इस साल दिवाली नहीं मना रहा है. इसकी वजह सूखा और पार्थ के पिता अजित पवार का निधन है. इसलिए दिवाली के पहले दिन परिवार का एक लंच रखा गया था, जिसमें पार्थ भी आए थे. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार NCP के मुख्य प्रवक्ता उमेश पाटिल ने कहा, "NCP में विलय की कोई बात नहीं हो रही है. इस पर चर्चा तक नहीं होती. शरद पवार जी जब ठीक हो रहे हैं, तब ऐसी राजनीतिक बात करना असंवेदनशील है."

पाटिल ने कहा कि दोनों पार्टियों के विलय की सभी खबरें बिना किसी आधार के फैलाई जा रही हैं और ये सिर्फ अफवाह हैं. उन्होंने कहा, "जिनके अपने फायदे हैं, वो ये खबरें फैला रहे हैं. दो पार्टियों का विलय क्यों और कैसे होगा, इस पर कोई चर्चा ही नहीं हुई है."

प्रफुल्ल पटेल ने भी की थी मुलाकात

इस बीच, NCP के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने पत्रकारों को बताया कि उन्होंने शरद पवार से उनके स्वास्थ्य का हाल जानने के लिए मुलाकात की थी, न कि किसी राजनीतिक चर्चा के लिए. पटेल ने कहा कि शरद पवार को पता था कि वे दिवाली के मौके पर 8-9 नवंबर को गोंदिया में रहेंगे. पटेल ने बताया, "इसलिए मैंने कहा कि मैं 10 नवंबर से मुंबई में रहूंगा और उनके स्वास्थ्य का हाल जानने के लिए फिर से उनसे मिलूंगा."

कुछ दिन पहले पटेल ने ब्रीच कैंडी अस्पताल में शरद पवार से मुलाकात की थी, जिसके बाद एक वीडियो वायरल हुआ था. उस वीडियो में दोनों नेताओं को 10 नवंबर की एक मुलाकात के बारे में बात करते हुए सुना गया था.

बता दें कि NCP (SP) के प्रमुख और 85 साल के शरद पवार को को सबसे पहले 2 नवंबर को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था और 4 नवंबर को उन्हें छुट्टी दे दी गई. उसी दिन, उन्हें मुंबई के कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया. शनिवार को वह वहां से डिस्चार्ज हुए.

यह भी पढ़ें | शरद पवार और सुनेत्रा की एनसीपी का हो रहा विलय? सीएम देवेंद्र फडणवीस ने क्या बताया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maharashtra Politics Latest News, Ncp Merger, NCP Merger Talks
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com