विज्ञापन

NCP की एकता के खिलाफ हुईं सुनेत्रा पवार, पर ससुर शरद पवार को दिया एक ऑफर

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटो के विलय का विरोध किया है. उनके बेटे और राज्यसभा सांसद पार्थ पवार भी उनके साथ हैं. जिससे फिलहाल यह मामला चर्चा में है.

NCP की एकता के खिलाफ हुईं सुनेत्रा पवार, पर ससुर शरद पवार को दिया एक ऑफर
सुनेत्रा पवार ने NCP के दोनों गुटों के विलय का विरोध किया (फोटो:NDTV)
  • महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने एनसीपी के दोनों गुटों के विलय का स्पष्ट रूप से विरोध जताया है.
  • सुनेत्रा पवार ने महायुति नेताओं को बताया कि विलय से उनके गुट का राजनीतिक अस्तित्व खतरे में आ जाएगा.
  • सुनेत्रा और उनके बेटे पार्थ पवार दोनों NCP विलय के खिलाफ हैं और अपना रुख बता चुके हैं.

महाराष्ट्र की सियासत में पिछले कई दिनों से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के विलय की चर्चा तेज है. लेकिन इन चर्चाओं के बीच महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और एनसीपी (अजित गुट) की प्रमुख सुनेत्रा पवार ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने दोनों गुटों के विलय का साफ विरोध किया है और अपना रुख महायुति के नेताओं को बता दिया है. उन्होंने कहा है कि अगर दोनों एनसीपी का विलय होता है, तो उनके गुट का अस्तित्व संकट में आ जाएगा, उनके बेटे पार्थ पवार भी इस विलय के खिलाफ बताए जा रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक सुनेत्रा पवार शुरुआत से ही इस विलय के खिलाफ बताई जा रही हैं.

सुनेत्रा पवार ने क्यों जताया विरोध

सुनेत्रा पवार ने महायुति नेताओं से साफ कहा है कि उन्हें शरद पवार गुट के NDA में आने से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन वह एक स्वतंत्र पार्टी के तौर पर आए. दोनों पार्टियों का विलय उन्हें मंजूर नहीं है. उन्होंने कहा 'दोनों राष्ट्रवादी एकत्र नहीं होंगे, अन्यथा भविष्य में हमारे अस्तित्व का प्रश्न निर्माण हो सकता है. इसलिए हमारी फिलहाल विलय को मान्यता नहीं है. लेकिन दूसरी राष्ट्रवादी अगर महायुति की स्वतंत्र घटक पार्टी के तौर पर एनडीए में शामिल होती है, तो हमें कोई विरोध नहीं होगा. यानी विलय नहीं बल्कि गठबंधन में चौथे सहयोगी के तौर पर शरद पवार गुट की एंट्री पर सुनेत्रा पवार को कोई आपत्ति नहीं है.'

सुनेत्रा पवार को किस बात का डर ?

अजित पवार के निधन के बाद सुनेत्रा पवार ने पार्टी की कमान संभाल रही हैं. वह महाराष्ट्र की महायुति सरकार में उपमुख्यमंत्री भी हैं. लेकिन राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सुनेत्रा पवार को इस बात का डर है कि अगर विलय होता है, तो पार्टी का रिमोट कंट्रोल शरद पवार और सुप्रिया सुले के हाथ में चला जाएगा. विलय के बाद सुनेत्रा पवार के कद पर भी असर आ सकता है, क्योंकि उनके पास अजित पवार जैसा राजनीतिक अनुभव या विधायकों पर पकड़ नहीं है, विलय होते ही शरद पवार और सुप्रिया सुले का गुट मजबूत हो सकता है. यही वजह है कि सुनेत्रा और पार्थ पवार विलय के सख्त खिलाफ हैं और अपना रुतबा बनाए रखने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं. सूत्रों का कहना है कि पार्थ पवार भी मां सुनेत्रा पवार के स्टैंड के साथ हैं. दोनों का मानना है कि अभी विलय की कोई जरूरत और परिस्थिति नहीं है. अगर 2029 में जरूरत पड़ी, तो तब इस पर विचार किया जा सकता है. सुनेत्रा पवार के कार्यालय से पार्टी के विधायकों को फोन करके भी विलय पर उनकी राय जानी जा रही है. बदलते राजनीतिक समीकरण में विधायकों की भूमिका क्या होगी, इसे लेकर मंथन चल रहा है.

एक गुट विलय के समर्थन में भी एक्टिव

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सुनेत्रा पवार गुट के कुछ नेता विलय के पक्ष में हैं. जबकि विलय की चर्चा को शरद पवार गुट की तरफ से भी हवा मिली थी. दिल्ली में शरद गुट की सुप्रिया सुले और सुनेत्रा गुट के नेता प्रफुल्ल पटेल की मुलाकात हुई थी. जो विलय के समर्थक माने जाते हैं, इससे चर्चा को और बल मिला था. हालांकि सुप्रिया सुले ने बाद में इस पर विराम लगाने की कोशिश की है, उन्होंने कहा विलय का कोई प्रस्ताव नहीं है और जो भी बातचीत थी, वह अजित पवार के निधन के साथ ही खत्म हो गई. शनिवार को उन्होंने फिर दोहराया कि मेरे भाई यानि अजित पवार के जाने के बाद हमने इस मुद्दे पर अपनी तरफ से पूर्णविराम लगा दिया है. 

छगन भुजबल का बड़ा खुलासा

मंत्री छगन भुजबल ने बड़ा खुलासा किया है, उन्होंने दावा किया कि उनकी मौजूदगी में अजित पवार और जयंत पाटिल के बीच 40 से 45 मिनट तक विलय पर चर्चा हुई थी. सुनील तटकरे ने भी इस दावे का समर्थन किया. दरअसल, अजित पवार के निधन से पहले एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की चर्चा तेज थी. लेकिन अजित पवार के निधन के बाद यह मामला ठंडे बस्ते में चला गया था. लेकिन अब यह मामला फिर से चर्चा में आ गया है. 

सूत्रों के मुताबिक केंद्र भी इस विलय को लेकर उत्सुक है, ताकि संसद में उसके नंबर मजबूत हों सके. खासकर परिसीमन और महिला आरक्षण बिल जैसे अहम विधेयकों को पारित कराने के लिए शरद पवार गुट के आठ लोकसभा सांसदों का समर्थन बीजेपी के लिए अहम हो सकता है.  यही वजह है कि सुनेत्रा पवार का यह सख्त स्टैंड अमित शाह के 16 और 17 नवंबर को पुणे दौरे से ठीक पहले आया है, जिसे काफी अहम माना जा रहा है. 

हालांकि सुनेत्रा पवार के ताजा बयान के बाद यह साफ है कि वह विलय के पक्ष में नहीं हैं. हालांकि वह शरद पवार गुट स्वतंत्र पार्टी के तौर पर NDA में शामिल होने के विरोध में नहीं है. ऐसे में महाराष्ट्र में एनसीपी को लेकर हर दिन नए समीकरण बन रहे हैं. 

ये भी पढे़ंः एनसीपी विलय का मसला-सिर्फ सुप्रिया-सुनेत्रा नहीं, शिंदे, फडणवीस, ठाकरे-सबके भविष्य का सवाल है

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sunetra Pawar, Sunetra Pawar Deputy CM, NCP Merger News, Maharashtra Politics, Parth Pawar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com