मुंबई लोकल ट्रेन में कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक महिला गंभीर हादसे का शिकार हो गई. पीड़िता का आरोप है कि एक व्यक्ति ने यात्रा के दौरान उसके साथ बार-बार गलत हरकत की और विरोध करने पर उसे ट्रेन से धक्का दे दिया, जिससे उसका एक हाथ कट गया.
NDTV से बात करते हुए पीड़िता ने बताया कि वह नायगांव जा रही थी. उसके मुताबिक, ट्रेन में भीड़ के दौरान एक व्यक्ति लगातार उसे गलत तरीके से छू रहा था. शुरुआत में उसे लगा कि भीड़ की वजह से धक्का लग रहा है, लेकिन बाद में उसे एहसास हुआ कि व्यक्ति जानबूझकर ऐसा कर रहा है.
महिला ने बताया, "जब मैंने उससे पूछा कि वह क्या कर रहा है और विरोध किया, तब भी वह नहीं रुका. मैंने उसे डांटा तो उसने भी गाली-गलौज शुरू कर दी."
पीड़िता का आरोप है कि दोनों के बीच बहस बढ़ने के बाद उसने अपनी चप्पल से आरोपी को मारा, जिसके जवाब में आरोपी ने भी उसके साथ मारपीट की. इसके बाद कथित तौर पर आरोपी ने उसे ट्रेन से धक्का दे दिया.
महिला के अनुसार, वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गई. हादसे में उसका हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसे बाद में काटना पड़ा. उसके सिर में भी गंभीर चोटें आईं.
पीड़िता ने कहा कि उसे लगा मानो आरोपी इस बात से गुस्से में था कि उसने उसकी हरकतों का विरोध क्यों किया. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और घटना ने मुंबई लोकल में महिला सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं