बेंगलुरु के केंगेरी इलाके में 65 वर्षीय महिला की हत्या और लूट के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने कथित तौर पर महिला की सोने की अंगूठी और नकदी लूटने के इरादे से उसकी हत्या की थी. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी एनडीपीएस और लूटपाट के मामलों में शामिल रह चुका है.
मंदिर के बाहर रात गुजार रही थीं
मृतका की पहचान 65 वर्षीय नारायणम्मा के रूप में हुई है. वह पारिवारिक विवादों के कारण कुछ दिनों से अपना घर छोड़कर वृशभवती नगर लेआउट स्थित पतालादम्मा मंदिर के बाहर रात गुजार रही थीं. 3 नवंबर की सुबह उनका शव मंदिर के सामने पड़ा मिला था, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया. शुरुआत में मृतका के बेटे ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की और पुलिस को सूचना दी. पहली नजर में मामला संदिग्ध नहीं लगने के कारण केंगेरी पुलिस ने अप्राकृतिक मृत्यु (यूडीआर) का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि महिला की हत्या की गई है और उनके पास मौजूद नकदी तथा पहनी हुई सोने की अंगूठी भी गायब थी.
हत्या और लूट का मामला दर्ज
जांच के बाद पुलिस ने 5 नवंबर को हत्या और लूट का मामला दर्ज कर लिया. इसके बाद आरोपियों की तलाश के लिए विशेष प्रयास शुरू किए गए. 6 नवंबर को वृशभवती नगर लेआउट क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियां करते हुए एक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लिया. पूछताछ में उसने कथित तौर पर अपराध कबूल कर लिया. पुलिस के अनुसार आरोपी ने नारायणम्मा को कई दिनों से मंदिर के बाहर अकेले सोते हुए देखा था. उसे अंदाजा हो गया था कि महिला के पास कुछ नकदी और आभूषण हैं. इसी लालच में उसने उन्हें निशाना बनाने की योजना बनाई.
जांच में सामने आया कि 3 नवंबर की तड़के आरोपी मंदिर के पास पहुंचा. उसने सो रही महिला का मुंह दबा दिया और हाथों से हमला कर उनकी हत्या कर दी. इसके बाद वह उनके पास मौजूद नकदी और सोने की अंगूठी लेकर मौके से फरार हो गया. पुलिस का कहना है कि आरोपी आर्थिक तंगी और अपनी आदतों को पूरा करने के लिए पैसों की तलाश में था. इसी वजह से उसने वारदात को अंजाम दिया. जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपी के खिलाफ गिरिनगर और कॉटनपेट पुलिस थानों में एनडीपीएस तथा लूट के मामले पहले से दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और लूटी गई संपत्ति की बरामदगी समेत अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.
यह भी पढ़ें- इंडिगो फ्लाइट के टॉयलेट में मिला हाईजैकिंग का धमकी भरा नोट, विमान को बेंगलुरु लौटना पड़ा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं